राष्ट्रीय

LPG सिलेंडर ई-केवाईसी का आज आखिरी दिन: चूके तो चुकाना पड़ सकता है ज्यादा दाम, जानें पूरी प्रक्रिया

How do I complete my LPG e-KYC: एलपीजी गैस सिलेंडर की ई-केवाईसी (e-KYC) की आखिरी तारीख और ऑनलाइन प्रक्रिया के बारे में पूरी जानकारी।
2 min read
Aug 16, 2026
How to do LPG e-KYC
घरेलू गैस ग्राहकों के लिए LPG e-KYC कराना अनिवार्य है। (Photo - ANI)

Gas connection KYC: घरेलू LPG गैस कनेक्शन धारकों के लिए आधार आधारित e-KYC कराने का आज (16 अगस्त 2026) आखिरी दिन है। यदि आज रात 12 बजे तक ई-केवाईसी कराने से चूके, तो ग्राहकों को गैस सिलेंडर के लिए अधिक दाम चुकाना पड़ सकता है। इतना ही नहीं, ई-केवाईसी नहीं कराने पर बुकिंग भी रोकी जा सकती है। उज्ज्वला कनेक्शन धारकों को भी मुश्किल पेश आ सकती है। ये नियम सभी घरेलू LPG गैस कनेक्शन धारकों पर लागू होगा। अब सवाल उठता है कि आखिर e-KYC कैसे करें? तो यहां बता दें कि यह ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से की जा सकती है।

घर बैठे मोबाइल से कैसे करें LPG e-KYC?

एलपीजी ई-केवाईसी की प्रक्रिया काफी आसान है। सबसे पहले जिस कंपनी का गैस कनेक्शन है, उसका ऐप मोबाइल में डाउनलोड करें। एचपी गैस, इंडेन या भारत गैस के ग्राहक संबंधित ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। फेस ऑथेंटिकेशन के लिए Aadhaar FaceRD ऐप भी डाउनलोड करना होगा।

ऐप खोलने के बाद e-KYC या आधार ऑथेंटिकेशन का विकल्प चुनें। इस पर क्लिक करते ही आधार वेरिफिकेशन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके बाद आपको फेस ऑथेंटिकेशन के लिए आधार फेसआरडी ऐप पर भेजा जाएगा।

अब मोबाइल का कैमरा आपके चेहरे को स्कैन करेगा। इस दौरान चेहरे को कैमरे के सामने सीधा रखें और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें। पहचान पूरी करने के लिए करीब 1-2 सेकंड तक पलक झपकाने के लिए कहा जा सकता है।

फेस ऑथेंटिकेशन सफल होते ही गैस कंपनी के ऐप में आपकी e-KYC पूरी होने का संदेश दिखाई देगा। इसके साथ आपकी एलपीजी e-KYC प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। यदि फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया असफल हो जाए, तो किसी तरह घबराने की जरूरत नहीं है। ऐप को फिर से खोलकर प्रक्रिया को दोहरा सकते हैं।

केवल फेस ऑथेंटिकेशन पर ही यह न मानें कि ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी हो गई। यदि स्टेटस सक्सेसफुल नहीं दिख रहा, तो ग्राहक गैस एजेंसी से संपर्क कर ई-केवाईसी कंफर्म कराएं।

एलपीजी e-KYC का ऑफलाइन तरीका

यदि किसी ग्राहक को मोबाइल ऐप के जरिए प्रक्रिया पूरी करने में दिक्कत आ रही है, तो ऑफलाइन माध्यम से भी LPG e-KYC करा सकते हैं। इसके लिए आप गैस एजेंसी जाकर बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन करा सकते हैं। वहीं जब डिलीवरी कर्मचारी सिलेंडर देने घर आए, तो उसके पास उपलब्ध डिवाइस के जरिए भी बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन करा सकते हैं।

LPG ई-केवाईसी क्यों है जरूरी?

LPG e-KYC के लिए बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन का मूल उद्देश्य वास्तविक और वैध ग्राहकों को रियायती दरों पर गैस उपलब्ध कराना है, ताकि कालाबाजारी पर रोक लग सके। इसके अलावा कमर्शियल इस्तेमाल को रोका जा सके।

Updated on:
16 Aug 2026 10:29 am
Published on:
16 Aug 2026 10:28 am