राष्ट्रीय

LPU हिंसा पर सुखबीर बादल का बड़ा आरोप, बोले- परिसर में हथियार और वॉकी-टॉकी के साथ मिले बाहरी लोग

Sukhbir Badal LPU: LPU हिंसा मामले में SAD प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने परिसर में हथियार और वॉकी-टॉकी के साथ बाहरी लोगों के मिलने का दावा करते हुए बड़ी साजिश का आरोप लगाया। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की जांच जारी है।
2 min read
• •
Updated: 28 Sep 2026, 12:29 PM IST
sukhbir singh badal
सुखबीर सिंह बादल ने मान सरकार पर साधा निशाना (Photo-IANS)

LPU Violence: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्र प्रदर्शन और हिंसा के मामले को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है। शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने सोमवार को आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय परिसर में हथियार और वॉकी-टॉकी लेकर कुछ बाहरी लोग पहुंचे थे। उन्होंने इसे एक बड़ी साजिश बताते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

सुखबीर सिंह बादल ने उठाया सवाल

एक्स पर पोस्ट करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कथित बाहरी लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। उन्होंने सवाल उठाया कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है या नहीं।

AAP सरकार पर साधा निशाना

सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब की मान सरकार पर भी निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि LPU में हुई घटनाएं राजनीतिक साजिश का हिस्सा हो सकती हैं। उन्होंने मालेरकोटला की घटना का जिक्र करते हुए AAP पर पहले भी इसी तरह के मामलों में संलिप्तता के आरोप लगाए।

केजरीवाल और AAP नेताओं पर भी लगाए आरोप

SAD प्रमुख ने दिल्ली के AAP नेतृत्व पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के अन्य नेता पंजाब के लोगों का ध्यान ED की हालिया छापेमारी से सामने आए कथित मामलों से हटाने की कोशिश कर रहे हैं।

बादल ने कथित 10 हजार करोड़ रुपये के घोटाले और चंडीगढ़ में सरकारी बंगलों पर कथित अवैध कब्जे का भी मुद्दा उठाया। 

भगवंत मान पर भी साधा निशाना

सुखबीर बादल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर LPU मामले को संभालने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिक जिम्मेदारी छात्रों की सुरक्षा और राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।

क्या है LPU का पूरा मामला?

फगवाड़ा स्थित LPU में एक छात्रा के साथ गर्ल्स हॉस्टल में कथित दुष्कर्म की खबरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। रविवार को प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और झड़प, तोड़फोड़ तथा वाहनों में आग लगाए जाने की घटनाएं सामने आईं।

हालांकि, पुलिस और प्रशासन ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि कथित दुष्कर्म विश्वविद्यालय परिसर के अंदर ही हुआ था। मामले की जांच जारी है और आरोपी की पहचान भी अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने कई अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

2,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए LPU परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पंजाब के ADGP फैयाज फारूकी के मुताबिक, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पंजाब पुलिस ने विश्वविद्यालय परिसर में फ्लैग मार्च भी किया।

जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने हॉस्टल के अंदर गड़बड़ी की खबरों को अफवाह बताया और कहा कि सभी हॉस्टलों की जांच की जा चुकी है।

Updated on:
28 Sep 2026, 12:29 PM IST
Published on: