कांग्रेस ने यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सोमवार को अहम बैठक की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई उच्चस्तरीय बैठक में समाजवादी पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल व यूपी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में सपा के साथ गठबंधन की बातचीत आगे बढ़ाने के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा ’मोना’ और इमरान मसूद को जिम्मा सौंपा गया है। दोनों दलों के बीच मंगलवार को बैठक होगी। कांग्रेस दिसंबर के पहले सप्ताह से प्रदेश में व्यापक चुनावी अभियान शुरू कर सकती है। इसमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता जनसभाएं करेंगे।