Maharashtra Assembly Elections: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में राजनीतिक पार्टियां सत्ता में आने के लिए पूर्व शाही राजघरानों पर निर्भर दिख रही हैं। यहां करीब 4 सीटें ऐसी हैं, जहां पूर्व राजघरानों के सदस्य अलग-अलग पार्टियों से टिकट मिलने के बाद मैदान में हैं। एक हॉट सीट पर तो शाही घराने के 3 सदस्य एक-दूसरे को चुनौती दे रहे हैं।
Maharashtra Assembly Elections 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बस कुछ ही दिन बाकी बचे हैं। महाराष्ट्र के चुनावी मैदान में इस बार छत्रपति शिवाजी महाराज (Chhatrapati Shivaji Maharaj) , छत्रपति शाहू महाराज और अन्य राजघरानों के कई लोग भी मैदान में ताल ठोंक रहे हैं। बता दें कि महाराष्ट्र में 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव पर मतदान होना है। राजनीतिक पार्टियां सत्ता में आने के लिए पूर्व शाही राजघरानों पर निर्भर दिख रही हैं। यहां करीब 4 सीटें ऐसी हैं, जहां पूर्व राजघरानों के सदस्य अलग-अलग पार्टियों से टिकट मिलने के बाद मैदान में हैं। एक हॉट सीट पर तो शाही घराने के 3 सदस्य एक-दूसरे को चुनौती दे रहे हैं। आइए जानते हैं इन सीटों की पूरी जानकारी-
कागल सीट से कोल्हापुर राजघराने से ताल्लुक रखने वाले समरजीत सिंह घाटगे को मैदान में उतारा गया है। समरजीत सिंह घाटगे अजित पवार की NCP के उम्मीदवार हसन मुश्रीफ के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। घाटगे राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज के परिवार से हैं। हसन मुश्रीफ ने वर्ष 2014 और 2019 के विधानसभा चुनाव में यहां से जीत दर्ज की थी। हसन मुश्रीफ ने 2019 में समरजीत सिंह घाटगे और विक्रमसिंह को करीब 27,000 वोटों से हराया था।
फलटण विधानसभा सीट से अजित पवार ने सचिन पाटिल को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, NCP शरद ने दीपक चव्हाण को मैदान में उतारा है। यहां दीपक के समर्थन में निंबालकर शाही परिवार है। बता दें कि पिछले चुनावों में भी यहां से दीपक ने जीत दर्ज की थी। 2008 में परिसीमन के बाद ये सीट अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित कर दी गई थी।
छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज शिवेंद्रराजे भोसले सतारा सीट पर BJP के टिकट पर 5वीं बार चुनाव लड़ रहे हैं। शिवेंद्रराजे भोसले के पिता अभयसिंहराजे भोसले कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और जनता पार्टी के टिकट पर इस सीट से 1978 से 1995 तक लगातार 6 बार MLA रहे हैं। शिवेंद्रराजे के सामने शिवसेना (उद्धव गुट) के अमित कदम हैं। शिवेंद्रराजे के चचेरे भाई उदयनराजे भोंसले सतारा सीट से लोकसभा सांसद हैं।
अहेरी सीट पर शाही परिवार के 3 सदस्य मैदान में हैं। शाही आत्राम परिवार का अहेरी सीट पर कब्जा रहा है। इस बार कैबिनेट मंत्री धर्मरावबाबा आत्राम को NCP अजित की ओर से मैदान में है। उनकी बेटी भाग्यश्री आत्राम को NCP शरद गुट ने टिकट दिया है। लिहाजा यहां बाप-बेटी के बीच मुकाबला है। पूर्व मंत्री और राजघराने से संबंध रखने वाले अंबरीशराव आत्राम निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।
कोल्हापुर उत्तर सीट से कांग्रेस ने राजा छत्रपति शाहू महाराज की बहू मधुरिमाराजे छत्रपति को मैदान में उतारा था। यहां से एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना ने राजेश क्षीरसागर को टिकट दिया है। मधुरिमाराजे ने 4 नवंबर को अपना नामांकन वापस ले लिया था। मधुरिमाराजे के पति मालोजीराजे 2004 और 2009 के बीच कोल्हापुर उत्तर से विधायक रह चुके हैं। वे पूर्व मंत्री दिवंगत दिग्विजय खानविलकर की बेटी हैं।