
Nandurbar Hostel Food Poisoning: महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के शहदा स्थित नवबौद्ध बस्तीगृह (छात्रावास) में शनिवार शाम भोजन करने के बाद कई छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। फूड पॉइजनिंग की आशंका के चलते छात्रों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं अब घायल छात्रों की स्थिति को लेकर अपडेट सामने आई है। बताया गया कि सभी छात्रों की हालत स्थिर है।
तालुका मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजेंद्र वालवी ने बताया कि छात्रावास से कुल 28 बच्चों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से पांच छात्रों को उल्टी, मितली और पेट दर्द की गंभीर शिकायत होने पर भर्ती किया गया।
उन्होंने आगे कहा कि सभी छात्रों की हालत फिलहाल स्थिर है। पूरी मेडिकल टीम, डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और एंबुलेंस मौके पर मौजूद हैं। छात्रों को रविवार सुबह तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
बता दें कि छात्रावास में शाम का भोजन करने के बाद करीब 5 छात्रों को उल्टी, मितली और पेट दर्ज जैसी शिकायतें हुईं। उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें शहदा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एहतियात के तौर पर छात्रावास के 50 से 60 अन्य छात्रों को भी मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लाया गया।
इस मामले में विधायक राजेश पडवी की तरफ से भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि शुरुआती तौर पर चार छात्रों की तबीयत ज्यादा खराब हुई थी। उन्हें तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाकी छात्रों की भी जांच की गई और सभी की निगरानी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि छात्रों और उनके परिजनों में कुछ समय के लिए घबराहट का माहौल बन गया था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सभी छात्र सुरक्षित हैं और चिंता की कोई बात नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।
फिलहाल प्रशासन फूड पॉइजनिंग के कारणों की जांच कर रहा है। शुरुआती आशंका है कि छात्रावास में परोसे गए भोजन के सेवन से छात्रों की तबीयत बिगड़ी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा