
Mallikarjun Kharge Controversy: बिहार में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। वहीं बीजेपी इस मामले को लेकर देशभर में प्रदर्शन कर रही है। इसी बीच दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने इसे खरगे की हताशा बताया है। वहीं बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस पर प्रधानमंत्री के दिवंगत माता-पिता को लेकर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह मल्लिकार्जुन खरगे की व्यक्तिगत बात नहीं, बल्कि उनकी हताशा का परिणाम है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस व्यक्ति का बॉस राहुल गांधी हो, उसका हताश होना स्वाभाविक है।
कपिल मिश्रा ने कहा कि राजनीति में वास्तविक मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। हर राजनेता की प्राथमिक जिम्मेदारी राष्ट्र को पहले रखना होनी चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश के दुर्भाग्य से विपक्ष यहां राष्ट्रविरोधी और धर्मविरोधी राजनीति कर रहा है। जनता जब विपक्ष को नकार देती है, तो उसके नेता इस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगते हैं।
वहीं इस बयान पर बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस बयान को लेकर नाराजगी जताई है। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के दिवंगत माता-पिता को लेकर बार-बार अभद्र, अशोभनीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कांग्रेस की वैचारिक कमजोरी और हताशा को उजागर करता है।
सरावगी ने कहा कि जनता किसी भी कीमत पर इस तरह की अमर्यादित और आपत्तिजनक बयानबाजी को बर्दाश्त नहीं करेगी।
संजय सरावगी ने बताया कि कांग्रेस नेताओं की कथित आपत्तिजनक बयानबाजी के विरोध में भाजपा ने सोमवार को देशभर में सभी राज्यों के पार्टी मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में बिहार भाजपा भी विरोध प्रदर्शन करेगी।
मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पीएम मोदी के पिता के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष की अपमानजनक बातें कोई इकलौती घटना नहीं हैं। यह उनकी मानसिकता को दर्शाती हैं, यह उनके DNA में ही बसा है।
गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे का यह बर्ताव एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। अगर राहुल गांधी इस पर कोई टिप्पणी नहीं करते हैं, अगर वह खरगे से माफी मांगने की मांग नहीं करते हैं, तो हम देश की जनता को बताते रहेंगे कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से हताशा में काम कर रही है। कांग्रेस अपने अंत की ओर बढ़ रही है।