ओडिशा से शादी के नाम पर ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमे एक शख्स 15 महिलाओं के साथ शादी के बंधन में बंधता है फिर उन्हें छोड़ कर ब्लैकमेल करता है।
Odisha Man Married 15 Women: ओडिशा पुलिस ने हाल ही में 43 वर्षीय बिरची नारायण नाथ नाम के एक शख्स को अपनी गिरफ्त में लिया। शख्स पर 15 महिलाओं से शादी करने का आरोप है। आरोपी विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को अपना शिकार बनाता था। रिपोर्ट के मुताबिक यह शख्स पहले से शादीशुदा है और 2 बच्चे भी है। शादी करने से पहले यह व्यक्ति अपने आप को रेलवे का अधिकारी बताता है या फिर आयकर अधिकारी बताता था। बिरंची नारायण नाथ मेट्रोमोनियल साइट के जरिए महिलाओं को फंसाता था।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब कटक की एक महिला ने ब्लैकमेल किए जाने पर इस बात की जानकारी पुलिस को दी। महिला के पहले पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उसके बाद महिला ने 2023 में दूसरी शादी के लिए लड़के की तलाश शुरू की। उसके बाद मेट्रोमोनियल साइट पर महिला को नाथ की रिक्वेस्ट मिली और उसके बाद बात आगे बड़ी। महिला ने बताया की नाथ ने प्रोफाइल पर अपना नाम प्रवाकर श्रीवास्तव बताया था और खुद को रेलवे का यात्रा टिकट परीक्षक यानि की टीटीई बताया था।
महिला ने अपने बयान में बताया की नाथ यह दावा किया था की उसकी पत्नी की भी मृत्यु हो चुकी है और अक्टूबर 2023 में महिला और उसके परिवार से मिलने गया। परिवार से मिलने के बाद शादी के लिए राजी होने का आग्रह किया। मामले की जानकारी देते हुए क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने बताया की जब पीड़िता के परिवार ने फैसला करने के लिए कुछ समय मांगा तो उसने उसे बार-बार फोन करना शुरू कर दिया और उसे भावनात्मक रूप से फंसा लिया। इसके अलावा, महिला के साथ वीडियो कॉल के दौरान, उसने उसकी नग्न तस्वीरें रिकॉर्ड कीं। नाथ ने महिला से शादी करने से पहले उसे घुमाने भी ले गया था।
महिला ने शिकायत की कि नाथ ने उसके साथ उसके घर में रहने के दौरान पांच महीनों के दौरान नग्न वीडियो का इस्तेमाल करके उसका यौन और आर्थिक शोषण किया। उसने कथित तौर पर उससे लगभग 5 लाख रुपये और 32 ग्राम सोना भी ठगा है।
अधिकारी ने कहा, उसके कई नाम थे और उसने कई पेशे अपनाए थे, कभी रेलवे अधिकारी तो कभी आयकर अधिकारी और यहां तक कि सीमा शुल्क और केंद्रीय उत्पाद शुल्क अधिकारी भी। जांच के दौरान, हमने पाया कि उसने कई राज्यों में कई अन्य महिलाओं के साथ धोखाधड़ी की थी। उसके फोन रिकॉर्ड से यह पता लगाया है की उसने अलग-अलग राज्यों से कुल 15 लड़िकियों के साथ ऐसा ही किया।