राष्ट्रीय

‘मैं आज तुम्हें खत्म कर दूंगी’, इतना कहकर 57 साल के पति पर महिला ने उड़ेल दिया खौलता हुआ तेल

कर्नाटक के बेलगावी में एक महिला ने अपने पति पर खौलता हुआ तेल फेंक दिया, जिससे 57 वर्षीय सुभाष हनमंतगौड़ा पाटिल गंभीर रूप से झुलस गए। पत्नी वैशाली को पति के अवैध संबंधों का शक था, जिससे दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।
2 min read
Oct 08, 2025
cg crime news
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (AI Image)

कर्नाटक के बेलगावी से एक बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि माछे में एक महिला ने अपने पति पर खौलता हुआ तेल फेंक दिया है, जिसमें झुलसने से 57 वर्षीय व्यक्ति की हालत गंभीर है। जानकारी के मुताबिक, पत्नी को अपने पति पर अवैध संबंध का शक था। इसी बौखलाहट में उसने ऐसा कदम उठाया।

पीड़ित की पहचान सुभाष हनमंतगौड़ा पाटिल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसकी पत्नी वैशाली सुभाष पाटिल है। पुलिस के हवाले से 'द न्यू इंडियन एक्सप्रेस' ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से पति के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।

6 अक्टूबर की घटना

6 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे बहस के बाद वैशाली ने घर के आंगन में बैठे सुभास पर खौलता हुआ तेल फेंक दिया। सीसीटीवी कैमरा लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद, वैशाली ने चिल्लाते हुए कहा कि मैं आज तुम्हें खत्म कर दूंगी।

इसके बाद नाश्ता तलते समय रसोई से खौलता हुआ तेल उठाकर अपने पति पर डाल दिया। सुभाष के चेहरे, छाती, पेट, हाथ और जांघों पर गंभीर चोटें आईं हैं।

इस घटना के बाद सुभाष को अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। सुभाष और वैशाली की तीन बेटियां हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। बेलगावी ग्रामीण पुलिस ने धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया है।

अमेठी में भी पत्नी ने पति पर बोला था हमला

कुछ दिनों पहले भी उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक पत्नी द्वारा अपने पति का प्राइवेट पार्ट चाकू से काटने की घटना सामने आई थी। आरोपी पत्नी का नाम नाजनीन था।

उसने अपने पति अंसार पर नशीला पदार्थ खिलाकर हमला किया। दोनों के बीच दो शादियों को लेकर विवाद था। नाजनीन पति से पहली पत्नी को तलाक देने के लिए दबाव बना रही थी।

रील्स बनाने से रोका तो महिला ने कर दिया पति पर हमला

गाजियाबाद में एक पति ने अपनी पत्नी के सोशल मीडिया पर अश्लील रील्स बनाने का विरोध किया, जिसके बाद पत्नी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। यह घटना गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र के अशोक विहार में हुई।

पति का आरोप है कि उसकी पत्नी इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपलोड करती थी और विरोध करने पर उसे और उनके बच्चों को धमकी देती थी। हमले के समय पति की गोद में बच्चा था, जिसे देखकर भी पत्नी को कोई रहम नहीं आया।

Published on:
08 Oct 2025 12:30 pm