राष्ट्रीय

‘लगा जैसे फिर ओलंपिक मेडल जीत लिया’, चोरी हुआ ओलंपिक गोल्ड मिलने पर बोले एमएम सोमैया

भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी एमएम सोमैया का ओलंपिक का चोरी हुआ गोल्ड मेडल बेंगलुरु पुलिस ने बरामद कर लिया है। दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मेडल मिलने पर सोमैया ने पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे उन्होंने फिर से ओलंपिक मेडल जीत लिया हो।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 5:20 PM IST
MM Somaiya
Former Indian hockey captain MM Somaya. (Photo: ANI)

बेंगलुरु। भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान एमएम सोमैया का चोरी हुआ 1980 मॉस्को ओलंपिक का गोल्ड मेडल बेंगलुरु पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मेडल के साथ घर से चोरी हुए अन्य कीमती सामान और पदक भी बरामद किए गए हैं।

मेडल वापस मिलने पर सोमैया ने बेंगलुरु पुलिस का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस की मेहनत और भरोसा दिलाने वाले रवैये ने उन्हें ऐसा महसूस कराया, जैसे उन्होंने एक बार फिर ओलंपिक मेडल जीत लिया हो।

पुलिस की मेहनत से मिला देश की शान का मेडल

सोमैया ने कहा कि बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पिछले कुछ दिनों में काफी मेहनत की। उन्होंने डीसीपी ईस्ट डॉ. विक्रम, हलसूर के एसीपी बालकृष्ण और इंदिरानगर थाने के इंस्पेक्टर आनंद की विशेष तौर पर तारीफ की।

उन्होंने बताया कि चोरी की घटना के पहले दिन से ही पुलिस उन्हें भरोसा दिला रही थी कि उनके मेडल बरामद कर लिए जाएंगे। पुलिस का कहना था कि ये पदक सिर्फ उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य और देश के सम्मान से जुड़े हैं।

सोमैया ने कहा कि मैं पुलिस की कार्रवाई से बेहद खुश हूं। उन्होंने कम समय में इस मामले को सुलझाया। मुझे ऐसा लग रहा है, जैसे मैंने एक बार फिर ओलंपिक मेडल जीत लिया है।

दो आरोपी गिरफ्तार, सभी पदक और कीमती सामान बरामद

बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने बताया कि इंदिरानगर थाने में हॉकी खिलाड़ी के घर से गोल्ड और सिल्वर मेडल सहित कीमती सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस टीम ने जांच के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और चोरी हुआ पूरा सामान बरामद कर लिया।

उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मेडल सोमैया को सौंप दिए गए हैं। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, मामले में शुरुआत में कोई ठोस सुराग नहीं था, इसलिए यह पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण जांच थी। गिरफ्तार आरोपी पहले भी इस तरह के अपराधों में शामिल रहे हैं।

28 अक्टूबर को हुई थी चोरी, परिवार के साथ कूर्ग गए थे सोमैया

सोमैया ने बताया कि चोरी की घटना 28 अक्टूबर की सुबह हुई थी। उस समय वह अपने परिवार के साथ अपने पैतृक स्थान कूर्ग में छुट्टियां मनाने गए हुए थे। पड़ोसियों से घर में चोरी की सूचना मिलने के बाद वे तुरंत बेंगलुरु लौटे और उसी दिन पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। एफआईआर भी उसी दिन दर्ज हुई थी।

उन्होंने बताया कि शुरुआती कार्रवाई तेजी से होने के कारण पुलिस को जांच आगे बढ़ाने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि पुलिस ने न सिर्फ आरोपियों को पकड़ा, बल्कि घर से चोरी हुए मेडल और अन्य सामान भी बरामद कर लिया।

तीन ओलंपिक खेल चुके हैं एमएम सोमैया

एमएम सोमैया भारतीय हॉकी के अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हैं। वह तीन बार ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने 1988 के सियोल ओलंपिक में भारतीय टीम की कप्तानी भी की थी।

सोमैया ने 1980 के मॉस्को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा उन्होंने 1982 के दिल्ली एशियाई खेलों में रजत और 1986 के सियोल एशियाई खेलों में कांस्य पदक हासिल किया था।

Updated on:
11 Nov 2026, 5:20 PM IST
Published on: