राष्ट्रीय

मुंबई कोस्टल रोड पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार BMW खंभे से टकराई, 3 लोगों की मौत और 1 गंभीर

Mumbai Coastal Road Accident: मुंबई कोस्टल रोड पर लोटस जेट्टी के पास BMW कार हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है।
2 min read
Sep 20, 2026
Mumbai Coastal Road Accident
कोस्टल रोड, मुंबई (प्रतीकात्मक फोटो - एएनआई)

BMW Accident Mumbai: मुंबई कोस्टल रोड पर रविवार सुबह एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार हादसे का शिकार हो गई। हादसा लोटस जेट्टी के पास सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के मुताबिक, कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ जा रही थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार के कारण चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार हादसे का शिकार हो गई।

चारों को अस्पताल ले जाया गया

हादसे के बाद चारों लोगों को इलाज के लिए नायर अस्पताल ले जाया गया। इनमें से तीन लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया गया है। हालांकि, दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।

तीन मृतकों की हुई पहचान

नायर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी से सुबह 8:40 बजे मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में तीन लोगों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। मृतकों की पहचान 21 वर्षीय शनाय गज्जल और 17 वर्षीय धीर्या सेठ के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की उम्र 25 साल बताई गई है। उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। वहीं, करीब 20 वर्षीय एक युवक को नायर अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुल से नीचे गिरने की बात सामने आई

मुंबई पुलिस की जानकारी के मुताबिक, बीएमडब्ल्यू कोस्टल रोड पर बने पुल से नीचे गिर गई थी। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। पुलिस के अनुसार, कार सवार तीन लोगों की मौत हुई है। हादसे की सूचना कोस्टल रोड नियंत्रण कक्ष को मिली थी। शुरुआती जानकारी में बताया गया था कि बीएमडब्ल्यू ने पांच लोगों को टक्कर मारी थी। इसके बाद चार घायलों को नायर अस्पताल ले जाने की बात सामने आई।

हादसे को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई

हादसे के बाद सामने आई शुरुआती जानकारी में बताया गया कि बीएमडब्ल्यू ने पांच लोगों को टक्कर मारी थी। इसके बाद चार घायलों को इलाज के लिए नायर अस्पताल ले जाने की बात कही गई। हालांकि, मुंबई पुलिस की बाद की जानकारी के मुताबिक, बीएमडब्ल्यू में चार लोग सवार थे। इनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

नायर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से सुबह 8:40 बजे दी गई जानकारी में भी चार घायलों का जिक्र किया गया। फिलहाल पुलिस हादसे की पूरी जानकारी जुटा रही है। घटना के सही कारणों की जांच जारी है।

Updated on:
20 Sept 2026 10:41 am
Published on:
20 Sept 2026 09:31 am