राष्ट्रीय

मुंबई के भांडुप रेलवे स्टेशन के पास बस ने कई लोगों को कुचला, 4 की मौत, 13 घायल

मुंबई के भांडुप रेलवे स्टेशन के पास हादसे की सूचना पर मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, बेस्ट के कर्मचारी और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

2 min read
Dec 30, 2025
मुंबई के भांडुप रेलवे स्टेशन के पास सड़क हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। (Photo Credit - @X)

Mumbai's Bhandup BEST bus accident: मुंबई के भांडुप रेलवे स्टेशन के पास सोमवार की रात बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) की बस ने रिवर्स करते समय कई लोगों को कुचल दिया, जिसमें 4 की मौत हो गई और 13 घायल हो गए। हादसे की सूचना फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को मिली। इसके बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मौके पर मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, BEST के कर्मचारी और 108 एंबुलेंस की टीमें पहुंच गईं।

मिली जानकारी के मुताबिक, रिवर्स करते समय बस बेकाबू हो गई और वहां मौजूद यात्रियों से टकरा गई। बस की चपेट में कई लोग आ गए। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल पुलिस हालात पर काबू पाने के साथ ही साथ मामले की जांच कर रही है। आपको बता दें कि बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट मुंबई की प्रमुख बस सर्विस है। यह बस सर्विस शहर और उप नगरीय इलाकों को जोड़ती है।

वहीं DCP हेमराज सिंह राजपूत ने बताया, "आज करीब 09.35 बजे भांडुप वेस्ट रेलवे स्टेशन के नजदीक एक बस हादसा हुआ। 13 पैदल यात्री इसमें घायल हुए, जिन्हें अस्पताल के लिए हमने रवाना किया। उसमें से 4 यात्रियों की मौत हुई है, जिसमें 3 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल है। बस का ड्राइवर पुलिस की हिरासत में है। बस की मेकैनिकल और टेक्निकल जांच होगी उसके बाद ही असली वजह का पता चल पाएगा।"

वहीं हादसे पर महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया 'एक्स' पर लिखा, 'मुंबई के भांडुप रेलवे स्टेशन के पास हुई एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में 4 लोगों की मृत्यु होने की घटना अत्यंत दुखद है। मैं उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस हादसे में 9 लोग घायल हुए हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।
मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।'

Updated on:
30 Dec 2025 12:57 am
Published on:
30 Dec 2025 12:24 am
Also Read
View All

अगली खबर