
Navi Mumbai Fire: महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित वाशी के सेक्टर-18 में रविवार रात एक तेल कंपनी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना भयंकर विकराल रूप ले ले लिया और पास में स्थित प्लाईवुड यूनिट और एक कूरियर कंपनी को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलने पर मौके पर दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंची। वहीं अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
बता दें कि आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9 बजे तेल कंपनी में आग लगी थी। परिसर में ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की प्लाईवुड और कूरियर कंपनी को भी अपनी चपेट में ले लिया।
वहीं आग लगने की सूचना दमकल विभाग की करीब 12 गाडियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कई तरफ से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। आग को आसपास के अन्य परिसरों तक फैलने से रोकने के लिए पूरी रात अभियान चलाया गया।
बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे तक आग की लपटें काफी तेज थीं और प्रभावित परिसरों से ऊंची लपटें उठ रही थीं। दमकल विभाग की प्राथमिकता आग बुझाने के साथ-साथ प्रभावित इमारतों को ठंडा करने की है।
वहीं अभी तक इस घटना में किसी के हताहत होने या परिसर के अंदर किसी व्यक्ति के फंसे होने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, तीनों कंपनियों में करोड़ों रुपये के सामान के जलकर नष्ट होने का शुरुआती अनुमान लगाया जा रहा है। नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हुआ है।
फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से घटना की जांच करेंगे। जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।