टाइम100 नेक्स्ट इंडिया 2026 सूची में नीना गुप्ता को शामिल करते हुए टाइम पत्रिका ने लिखा - नीना के लिए गणित का अर्थ है ऐसी समस्याएं सुलझाना जो दुनिया के कुछ सर्वश्रेष्ठ दिमागों को छका चुकी हैं। जारिस्की कैंसिलेशन प्रॉब्लम 1949 में गणितज्ञ ऑस्कर जारिस्की ने रखी थी, जिसका एक प्रारूप नीना ने 2014 में हल किया। उन्हें दुनिया भर में पहचान मिली और भारत का गौरव बढ़ा। मेधावी गणितज्ञ ने नीना गुप्ता पत्रिका से बातचीत की तो गणित के लिए उत्साह उनके शब्दों में भी झलका। पढि़ए इस रोचक बातचीत के मुख्य अंश :
अपनी पढ़ाई के बारे में बताइए, शुरू से ही गणित और बाकी सब्जेक्ट्स में आप कैसी थीं?
- स्कूल में मैं गणित और बाकी सब्जेक्ट्स में 90 परसेंट से ज्यादा ही स्कोर लाती थी। उस समय मुझे फिजिक्स और केमिस्ट्री पसंद थे, बल्कि केमिस्ट्री में तो गणित से भी ज्यादा अंक आते थे। मेरे पिता चाहते थे कि मैं केमिस्ट्री में ऑनर्स करूं। लेकिन मुझमें गणित के लिए विशेष आकर्षण था। इस विषय के लिए जुड़ाव और समर्पण बचपन से ही चल रहा था।
बचपन में गणित के प्रति आपकी रुचि कैसे बढ़ी और कब महसूस हुआ कि इसे करियर बनाना चाहिए?
- जहां तक याद है, गणित में मेरी रुचि पांचवीं कक्षा से शुरू हुई। शुरुआती कक्षाओं में जोड़-घटाव सीखने के बाद पांचवीं में फ्रैक्शन और डेसीमल के सवाल आने लगे थे। हालांकि कॉलेज पास करने तक मुझे नहीं पता था कि फिजिक्स, केमिस्ट्री या बायोलॉजी की तरह गणित में भी रिसर्चर का करियर हो सकता है। बल्कि तब तो यही लगता था कि गणित पढक़र टीचर बनेंगे। इंटरनेट भी इतना आम नहीं था। जब मैं मास्टर्स के लिए इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट आई, तो यहां के वातावरण और शिक्षकों की गाइडेंस में गणित के संसार की गहराई समझ आई, तभी तय किया कि अभी बहुत कुछ पढऩा व करना बाकी है।
अक्सर कहा जाता उच्च गणित किताबों और फार्मूलों तक सीमित है। क्या सच में ऐसा है?
- बिलकुल नहीं। उच्च गणित किताबों तक सीमित नहीं है। मेरा मूल विषय अलजेब्रा है। यह कोडिंग थ्योरी का प्रमुख आधार है। इसके बिना कंप्यूटर सूचनाएं भेजने व सुरक्षित रखने जैसे काम नहीं कर सकते। कई क्षेत्र अलजेब्रा पर निर्भर हैं।
कोई ऐसी ट्रिक कि गणित मजेदार लगे?
- गणित को लेकर कुछ लोगों में डर या नापसंदगी रहती है। गणित को मजेदार बनाना है तो कठिन सवालों को दिमाग में हल करने, उनके बारे में सोचने की आदत डालें। टाइम कम होता है या जल्दबाजी के चक्कर में गणित के छात्र समस्याओं को किताबों या शिक्षक के साथ हल करते हैं। असली मजा तब है जब घंटों, बल्कि रातभर सवाल का हल सोचें। धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ विकसित यह आदत जीवन भर गणित के लिए आकर्षण बनाए रखेगी। किसी रूटीन सवाल को एक ही तरीके से हजार बार हल करें, वो मजा नहीं आएगा। उसे अलग-अलग तरह की पहेलियों की तरह हल करेंगे तो अलग आनंद मिलेगा।
आजकल एआइ और मशीन लर्निंग हर जगह हैं। ऐसे में आम आदमी को गणित क्यों पढऩा चाहिए?
- हमें नहीं भूलना चाहिए कि एआइ और मशीन लर्निंग प्रणालियां विकसित करने के पीछे भी गणित ही है। क्या कैलकुलेटर या कंप्यूटर आने के बाद लोगों ने जोड़, घटाव, गुणा और भाग सीखना बंद कर दिया? यह हमारे बौद्धिक विकास के लिए जरूरी है। कॉलेज स्तर तक की बुनियादी गणित पढ़ानी चाहिए। इसका अभ्यास रोजाना के जीवन में काम आता है। दूसरी ओर गणित में शोध एआइ या कहें मशीनी इंटेलिजेंस के आने से खत्म नहीं होगा। बल्कि मुझे लगता है कि अब शोधार्थी अधिक सक्षम एआइ का उपयोग करके ज्यादा एकाग्रता से काम करेंगे।
क्या आपको लगता है कि अगले 10, 12 या 20 वर्षों में प्योर मैथ्स ज्यादा जरूरी हो जाएगा?
- गणित में प्योर और अप्लाइड दोनों ही जरूरी हैं। प्योर मैथ्स कला है और उसका उपयोग एक विज्ञान। दोनों को विकसित और बनाए रखना जरूरी है।
आगे आप किस तरह के काम करना चाहेंगी?
- मैं गणित में अब भी मौजूद समस्याओं पर काम करना चाहती हूं। यह भी देखना चाहूंगी कि अब तक हुए काम का उपयोग करके विभिन्न क्षेत्रों व वास्तविक जीवन में आ रही समस्याएं कैसे हल कर सकते हैं।
नई जनरेशन और युवा रिसर्चर्स को कोई सलाह देना चाहेंगी?
- युवा रिसर्चर्स यह समझ लें कि शोध का रास्ता पैसा कमाने के लिए नहीं है। इसमें शुरुआती वर्षों में कड़ी मेहनत और धैर्य चाहिए। ग्रेजुएशन के बाद भी करियर में सेटल होने में पांच से आठ साल लग जाते हैं। यह समर्पित जीवन जीने जैसा है।
मेरे लिए यह सहूलियत रही कि परिवार की ओर से जल्दी पैसा कमाने का दबाव नहीं था। विवाह के बाद ससुराल से भी पढ़ाई व शोध के लिए पूरा प्रोत्साहन और सहयोग मिला।
इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट यानी आइएसआइ में प्रोफेसर नीना कम्यूटेटिव अलजेब्रा और एफाइन अलजेब्रिक ज्योमेट्री क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। नीना को इससे पहले इन्फोसिस प्राइज (2024), एमी नोएदर लेक्चर (2025) सम्मान मिले, वहीं शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार (2019), रामानुजन प्राइज (2021) और नारी शक्ति पुरस्कार से भी उन्हें सुशोभित किया गया।