राष्ट्रीय

नेपाल आपदा में फंसे भारतीयों पर MEA का बड़ा अपडेट, 320 लापता तो 400 चीन में सुरक्षित

नेपाल में भयानक बाढ़ के बाद 320 भारतीय नागरिकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। MEA ने बताया कि 84 भारतीयों का रेस्क्यू हुआ है, जबकि चीन की तरफ मौजूद 400 भारतीय सुरक्षित हैं।
2 min read
MEA Nepal Flood Update
नेपाल आपदा में 320 भारतीय लापता, MEA का ताजा अपडेट, photo credit: ANI

Nepal Flood Update: नेपाल में आई भयानक बाढ़ के बाद विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा कि 320 भारतीय नागरिकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है, जबकि चीन की तरफ मौजूद 400 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। शुक्रवार को नई दिल्ली में हर दो हफ्ते में होने वाली प्रेस ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि अब तक 84 भारतीय नागरिकों को रेस्क्यू किया जा चुका है, जिनमें त्रिशूली-1 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट में काम करने वाले 63 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि चीन की तरफ फंसे 96 भारतीय नागरिक जमीन के रास्ते सुरक्षित नेपाल पहुंच गए हैं।

21 भारतीय दिल्ली पहुंचे

जायसवाल ने कहा, " बाढ़ से प्रभावित इलाके से कल काठमांडू पहुंचे 21 भारतीय नागरिक आज दिल्ली पहुंच गए हैं, ये 21 भारतीय नागरिक तमिलनाडु के हैं। कल हमारे राजदूत ने काठमांडू में उनसे मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना था। इन 21 भारतीय नागरिकों के अलावा, त्रिशूली-1 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट में काम करने वाले 63 भारतीय नागरिकों के बारे में भी जानकारी दी थी। उन्हें भी कल रेस्क्यू किया गया था। उन्होंने कहा, इन 21 और 63 लोगों के अलावा, चीन की तरफ फंसे 96 भारतीय नागरिक जमीन के रास्ते सुरक्षित नेपाल पहुंच गए हैं और उन्हें वहां से निकालने की कोशिशें चल रही हैं।

320 लोग अब भी लापता

जायसवाल ने बताया कि भारतीय मूल के लगभग 100 लोग, जिनके पास दूसरी नागरिकता है और जो शायद कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए गए थे, उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा, "जिन लोगों से हम संपर्क नहीं कर पा रहे हैं या जो लापता हैं, उनकी संख्या अभी 320 है। MEA कंट्रोल रूम 24 घंटे काम कर रहा है और काठमांडू तथा बीजिंग में मौजूद हमारे दूतावासों के कंट्रोल रूम भी लगातार काम कर रहे हैं।"

चीन की तरफ 400 भारतीय सुरक्षित

MEA के प्रवक्ता ने बताया कि चीन की तरफ मौजूद 400 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं और अपने परिवारों से संपर्क कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चीन में भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर चीन की तरफ फंसे इन 400 लोगों को सुरक्षित निकालने की तैयारी कर रहा है। हमारी एम्बेसी उनमें से कई लोगों के संपर्क में है। उनके परिजनों ने भी बीजिंग में इंडियन एम्बेसी द्वारा चलाई जा रही हेल्पलाइन नंबरों के जरिए हमसे संपर्क किया है।

नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDRRMA) द्वारा शुक्रवार को जारी ताजा अपडेट के अनुसार, नेपाल के भोटेकोशी इलाके में आई विनाशकारी बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 538 हो गई है, जबकि सैकड़ों लोग अभी भी लापता हैं।

Updated on:
28 Aug 2026 07:13 pm
Published on:
28 Aug 2026 07:13 pm