
सोनिया गांधी की Memoir पर विवाद, कंटेंट को लेकर सामने आया बड़ा दावा,photo credit: ANI
Sonia Gandhi Book: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की आगामी संस्मरण पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया (PRHI) और प्रकाशन समझौते से जुड़ी नई जानकारी सामने आई है। मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति के अनुसार, सोनिया गांधी ने अपनी किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और चीन की घुसपैठ से जुड़े कुछ संदर्भों में बदलाव करने से इनकार कर दिया था। हालांकि, पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने इस दावे से इनकार किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सोनिया गांधी का रुख था कि यह उनकी अपनी कहानी है और उनकी जिंदगी से जुड़े अनुभवों एवं यादों में किसी तरह की तोड़-मरोड़ नहीं की जानी चाहिए। बताया गया कि किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, RSS और चीन से जुड़े संदर्भों को लेकर संपादकीय स्तर पर बदलाव की बात सामने आई थी, लेकिन गांधी ने इन्हें बदलने या हटाने से इनकार कर दिया।
हालांकि, Penguin Random House India ने स्पष्ट किया है कि यह कहना सही नहीं है कि संपादकीय बदलाव न करने की वजह से उसने सोनिया गांधी के संस्मरण को प्रकाशित नहीं करने का फैसला किया।
सोनिया गांधी के एक सहयोगी ने कुछ ऐसे हिस्सों के बारे में जानकारी दी, जिन पर कथित तौर पर PRHI की ओर से सवाल उठाए गए थे। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सोनिया गांधी की मुलाकातों और उनके अनुभवों से जुड़े हिस्से प्रमुख बताए जा रहे हैं।
सहयोगी के अनुसार, सोनिया गांधी ने मोदी की कुछ टिप्पणियों का भी विस्तार से उल्लेख किया है। इनमें 2004 में गुजरात की एक सार्वजनिक रैली के दौरान उन पर कथित तौर पर टिप्पणी करने का संदर्भ भी शामिल है।
सोनिया गांधी की किताब का नाम ‘Belonging: A Journey of Love’ बताया गया है। इसे पेंगुइन का ही एक अंतरराष्ट्रीय इम्प्रिंट Alfred A. Knopf 10 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज करने वाला है। भारत में किताब के प्रकाशन और वितरण के लिए HarperCollins के साथ समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में हार्परकॉलिन्स की तरफ से कोई टिप्पणी नहीं आई है।
पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने इस बात से इनकार किया है कि सोनिया गांधी के संपादकीय बदलावों से सहमत नहीं होने की वजह से संस्मरण का प्रकाशन रोकने का फैसला लिया गया। कंपनी का कहना है कि वह गांधी के संस्मरण को प्रकाशित करने को लेकर तैयार और इच्छुक थी।
ऐसे में अब सबसे ज्यादा नजर इस बात पर है कि ‘Belonging: A Journey of Love’ के अंतिम प्रकाशित संस्करण में सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, RSS, चीन और भारतीय राजनीति से जुड़े किन प्रसंगों को शामिल किया है।
Updated on:
28 Aug 2026 05:21 pm
Published on:
28 Aug 2026 05:21 pm
