राष्ट्रीय

निर्मला सीतारमण ने कहा- नेहरू ने बेशर्मी से किए संशोधन, तो खरगे बोले- मोदी की डिक्शनरी में वर्तमान नहीं

संविधान पर चर्चा के दौरान भाजपा और कांग्रेस सांसदों ने एक-दूसरे पर जमकर कटाक्ष किए।

2 min read

लोकसभा के बाद राज्यसभा में सोमवार को संविधान पर चर्चा शुरू हुई। भाजपा और कांग्रेस सांसदों ने एक-दूसरे पर जमकर कटाक्ष किए। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने चर्चा की शुरुआत करते हुए कांग्रेस पर परिवार व वंशवाद के लिए बेशर्मी से संविधान संशोधन करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पहली अंतरिम सरकार से ही संविधान के प्रावधानों पर कैंची चलाना शुरू हो गया। दूसरी तरफ, नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अतीत या कल्पना लोक में रहते हैं। ऐसा लगता है कि वर्तमान उनकी डिक्शनरी में नहीं है। जो लोग तिरंगे, अशोक चक्र और संविधान से नफरत करते थे, वे आज इस पर शिक्षा दे रहे हैं।

'नेहरू के खिलाफ कविता पर भेजा था जेल'

- वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि कांग्रेस खुद जीएसटी संशोधन पेश करने में विफल रहे और अब, जब हम इसे लागू करते हैं, तो वे चिल्लाते हैं। इनके एक नेता ने इसे गब्बर सिंह टैक्स करार दिया था।

- इमरजेंसी के समय विपक्ष के कई नेताओं को जेल में डाला गया। ऐसे काले दिनों को याद रखने के लिए एक नेता ने अपने बच्ची का नाम मीसा रख दिया (लालू यादव का संदर्भ)।

- 1949 में मिल मजदूरों की बैठक के दौरान मजरूह सुल्तानपुरी ने जवाहरलाल नेहरू के खिलाफ लिखी कविता सुनाई तो मजरूह सुल्तानपुरी और बलराज साहनी को जेल भेजा गया।

- 1975 में माइकल एडवर्ड्स की लिखी राजनीतिक जीवनी नेहरू पर प्रतिबंध लगा दिया गया। इंदिरा गांधी और उनके बेटे पर सवाल उठाने वाली किस्सा कुर्सी का नामक फिल्म पर प्रतिबंध लगाया।

'संघ ने संविधान अपनाने के दिन जलाए थे पुतले'

- खरगे ने कहा कि जब संविधान बना तो आरएसएस के नेताओं ने इसे जला दिया था, क्योंकि यह मनुस्मृति पर आधारित नहीं है। दिल्ली के रामलीला मैदान में अंबेडकर, नेहरू, महात्मा गांधी के पुतले जलाए थे।

- वित्त मंत्री जेएनयू से ग्रेजुएट हैं। मैंने म्यूनिसिपल स्कूल से पढ़ाई की है, लेकिन संविधान हमने भी थोड़ा-बहुत पढ़ा है। उनकी अंग्रेजी और हिन्दी अच्छी होगी, लेकिन उनके कर्म अच्छे नहीं हैं।

- सबसे बड़ा झूठ तो पीएम मोदी ने 15 लाख रुपए देने का बोला था। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह के पास बहुत बड़ी वॉशिंग मशीन है। उसमें आदमी जाता है क्लीन होकर आता है।

- 70 सालों में जो हुआ, उसी की वजह से आप डॉक्टर, इंजीनियर बने। मोदी पीएम बने, मैं लेबर का बेटा नेता प्रतिपक्ष बना। आप खुद को तीस मारखां मत समझिए। ये नेहरू जी की देन है।

Published on:
17 Dec 2024 07:26 am
Also Read
View All

अगली खबर