राष्ट्रीय

Budget 2024 पेश करते ही ये रिकॉर्ड बना देंगी ‘निर्मला ताई’, पिछले 50 सालों में कोई नहीं बना पाया ये कीर्तिमान

Budget 2024: इतिहास रचने की दहलीज पर निर्मला सीतारमण, बही-खाते का ऐतिहासिक लेखा-जोखा, 77 साल में अब तक 87 बजट, 23 को आएगा 88 वां बजट। पढ़ें अनंत मिश्रा की स्पेशल रिपोर्ट

2 min read

Budget 2024: देश की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मंगलवार को लगातार सातवीं बार बजट पेश करके नया कीर्तिमान बनाने जा रही हैं। इससे पहले मोरारजी देसाई ने लगातार छह बार बजट पेश किया था। इसके साथ ही पिछले छह दशकों में लगातार पांच साल तक वित्त मंत्री रहने का रिकॉर्ड निर्मला सीतारमण के नाम लिख गया है। सीतारमण से पहले 1958 से 1964 तक देसाई लगातार पांच साल से अधिक समय तक देश के वित्त मंत्री रहे थे। पी. चिदंबरम, प्रणब मुखर्जी और अरुण जेटली सरीखे अर्थशास्त्री भी लगातार पांच वर्ष तक इस पद पर नहीं रह पाए। सीतारमण के नाम देश की संसद में पहला पेपरलैस बजट पेश करने का रिकॉर्ड भी है।

सर्वाधिक बजट देसाई के नाम

पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के नाम सर्वाधिक 10 बजट हैं। वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने दो कार्यकाल में ये 10 बजट पेश किए। पहली बार लगातार 6 बजट और दूसरी बार लगातार 4 बजट शामिल हैं। इनमें 8 पूर्ण बजट और 2 अंतरिम बजट शामिल हैं।

नेहरू के कार्यकाल में 21 बजट

देश में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल में कुल 21 बजट पेश किए गए। इंदिरा गांधी के कार्यकाल में 17 बजट और मनमोहन सिंह के कार्यकाल 12 बजट पेश किए गए।

अब तक 87 बजट

आजादी के बाद से अब तक देश में कुल 87 बार बजट पेश हुआ है। इनमें 78 बार पूर्ण बजट और 9 बार अंतरिम बजट शामिल हैं। पहली बार 26 नवंबर, 1947 को आर. के. शानमुखम चेतटी ने देश का बजट पेश किया था।

अंतरिम बजट

लोकसभा चुनाव के कारण 9 ऐसे मौके आए जब संसद में पहले अंतरिम बजट ही पेश किया गया। इनमें 1952, 1957, 1962, 1967, 2004, 2009, 2014, 2019 और 2024 के अंतरिम बजट शामिल हैं।

28 फरवरी को 32 बार

अमूमन देश में 28 फरवरी को बजट पेश किया जाता रहा है। अब तक 32 ऐसे मौके आए, जब 28 फरवरी संसद में बजट पेश किया गया।

चार पीएम ने पेश किए बजट

देश में अब तक चार प्रधानमंत्रियों को वित्त मंत्री के रूप में बजट पेश करने का अवसर मिला है। इनमें जवाहरलाल नेहरू (1958), इंदिरा गांधी (1970), चरण सिंह (1979) और राजीव गांधी (1987) हैं। खास बात ये है कि चारों पीएम उत्तरप्रदेश से चुनकर आए थे।

Updated on:
22 Jul 2024 09:04 am
Published on:
22 Jul 2024 09:03 am
Also Read
View All

अगली खबर