राष्ट्रीय

धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ FIR दर्ज कराने थाने पहुंचे पप्पू यादव, बोले- श्रीकृष्ण का अपमान बर्दाश्त नहीं, सजा दिलाकर रहेंगे

भगवान श्रीकृष्ण पर धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सांसद पप्पू यादव ने इस पर आपत्ति जताते हुए धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग की है
2 min read
• •
Updated: 3 Nov 2026, 1:06 PM IST
pappu yadav and dhirendra shastri
कथावचक धीरेंद्र शास्त्री और सांसद पप्पू यादव

Pappu Yadav: भगवान कृष्ण को लेकर बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। इस कड़ी में मंगलवार को पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव नई दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे। उन्होंने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को एक लिखित शिकायत सौंपी, जिसमें धार्मिक भावनाओं को आहत करने और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने के आरोप में धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं के तहत FIR दर्ज करने की मांग की गई।

पप्पू यादव ने किया पोस्ट

संसद मार्ग थाने पहुंचने से पहले सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट लिखकर धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा हमला बोला। पप्पू यादव ने लिखा, "भगवान श्रीकृष्ण जी का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। सत्ता संरक्षित टुटपुंजिये फरेबी कथावाचक के खिलाफ आज मैं मुकदमा दर्ज कराने जा रहा हूं। कृष्ण कन्हैया जी को अपमानित कर यह मूर्ख बेईमान अब माफी मांगने की नौटंकी कर रहा है। इसे छोड़ेंगे नहीं, सजा दिलाकर ही मानेंगे।"

करैरा की कथा से शुरू हुआ विवाद

इस विवाद की जड़ मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित श्री राम कथा में है। इस कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम और भगवान कृष्ण के चरित्रों की तुलना करते हुए कुछ ऐसी बातें कहीं, जिन पर कड़ी आपत्ति जताई गई। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने इस कथा में भगवान कृष्ण और भगवान राम के बैठने या खड़े होने के तरीकों (मुद्राओं) की तुलना की और साथ ही उनके साथ जुड़ी बांसुरी और धनुष के संदर्भ में भी तुलना की। इन टिप्पणियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे पूरे देश में भारी आक्रोश फैल गया।

धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर मांगी माफी

बवाल बढ़ता देख बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर अपनी सफाई पेश की। शास्त्री ने कहा कि उनकी टिप्पणी केवल मजाक के तौर पर की गई थी और वह कभी भी भगवान कृष्ण के विरोधी नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि उनका भगवान राम और भगवान कृष्ण के बीच कोई भेदभाव पैदा करने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने हाथ जोड़कर सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी।

Updated on:
3 Nov 2026, 1:06 PM IST
Published on: