राष्ट्रीय

एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मिले पीएम मोदी, बोले- 1982 के बाद पहली बार, भारत ने मैराथन में सफलता हासिल की

Asian Games 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने देश की बेटियों के शानदार प्रदर्शन की तारिफ की।
2 min read
• •
Oct 15, 2026
pm modi meeting with Indian athletes
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फोटो-IANS)

Asian Games 2026:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में एशियाई खेलों 2026 में शामिल होने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस मौके पर उनके साथ खेल मंत्री मंत्री मनसुख मांडविया भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए कहा कि हमारे एशियाई खेलों के चैंपियंस ने देश का तिरंगा शान से ऊंचा किया है।

देश की बेटियों का शानदार प्रदर्शन

एशियाई खेलों के दौरान भारत के शानदार प्रदर्शन पर बोलते हुए पीएम मोदी ने बताया कि भारत ने इस बार कुल 85 पदक जीते हैं। इनमें से 38 पदक अकेले देश की बेटियों ने अपने नाम किए हैं, जिसमें 11 स्वर्ण पदक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि 1982 के बाद पहली बार, भारत ने मैराथन में सफलता हासिल की है। यह वाकई बहुत खुशी की बात है। इसके अलावा मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स, सॉफ्ट टेनिस और नौकायन जैसे खेलों में भारत ने कभी कोई पदक नहीं जीता था। उनमें भी हमारे खिलाड़ियों ने पहली बार मेडल जीतकर नया इतिहास रच दिया है।

हॉकी और अन्य खेलों में ऐतिहासिक जीत

पीएम मोदी ने बताया कि इस बार के एशियाई खेल कई मायनों में यादगार रहे हैं। पुरुष और महिला दोनों हॉकी टीमों ने स्वर्ण पदक जीते हैं, जिसमें महिला हॉकी टीम ने 44 साल का लंबा इंतजार खत्म करके गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। क्रिकेट में दोनों टीमों ने लगातार दूसरी बार पदक जीते हैं। कबड्डी में पुरुष और महिला दोनों टीमों ने गोल्ड जीता है। तीरंदाजी में पांच स्वर्ण पदक मिले, शूटिंग में बेहतरीन प्रदर्शन रहा और 28 साल बाद वेटलिफ्टिंग में भी भारत को पदक मिला है।

खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर और खिलाड़ियों को मदद

खिलाड़ियों के लिए खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास पर बात करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि 'खेलो इंडिया' अभियान को आगे बढ़ाने और खेल महासंघों को मजबूत करने के लिए 36 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट दिया गया है। आज देश भर में एक हजार से ज्यादा खेलो इंडिया केंद्र बन चुके हैं। खिलाड़ियों को सीधे मदद देते हुए 'आउट-of-पॉकेट' भत्ता दिया जा रहा है, और 'टॉप' (Target Olympic Podium) योजना के तहत खिलाड़ियों को प्रति माह 50,000 रुपये मिल रहे हैं।

आगे के बड़े खेल लक्ष्य

एशियाई खेलों में मिली इस सफलता के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए अपनी तैयारी और मजबूत करनी होगी। साल 2028 में लॉस एंजिल्स ओलंपिक होना है, 2030 में भारत कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा और 2036 में ओलंपिक की मेजबानी करना भी भारत का बड़ा सपना है।

Updated on:
15 Oct 2026 06:23 pm
Published on:
15 Oct 2026 06:23 pm