Monsoon Update : IMD ने देशभर में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। पूर्वोत्तर, दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है, जबकि राजस्थान, यूपी और मध्य प्रदेश समेत कई इलाकों में हीटवेव का खतरा बना हुआ है। वहीं 26 मई तक केरल में मानसून पहुंचने की संभावना जताई गई है।
प्री-मानसून (Pre-Monsoon) की एंट्री के साथ ही देशभर में मौसम बदलने लगा है। कई राज्यों में फिर से तेज बारिश शुरू हो गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। इसके अलावा कई जगहों पर तेज गर्मी भी पड़ रही है। इसी बीच IMD ने मौसम को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी है। वहीं राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव का खतरा भी बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है। अगले 3-4 दिनों में मानसून के अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
IMD के मुताबिक नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में 17 से 22 मई के बीच तेज बारिश, आंधी, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। कुछ इलाकों में 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है। अंडमान-निकोबार और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने पश्चिम राजस्थान में 17 से 22 मई तक लू चलने का अनुमान जताया है। 21 और 22 मई को कुछ इलाकों में गंभीर हीटवेव की स्थिति बन सकती है। उत्तर प्रदेश, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और छत्तीसगढ़ में भी अगले कुछ दिनों तक गर्म हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तर-पश्चिम भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले 3-4 दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि देश के बाकी हिस्सों में तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।