राष्ट्रीय

राष्ट्रपति मुर्मू की सुरक्षा में चूक, यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर कच्चे हैलीपैड के गड्ढे में फंसा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सबरीमाला यात्रा के दौरान वायुसेना का हेलीकॉप्टर राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम के नए कंक्रीट हेलीपैड पर उतरते समय एक गड्ढे में फंस गया।

2 min read
Oct 22, 2025
राष्ट्रपति मुर्मू की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही (ANI)

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) के केरल दौरे (Kerala Visit) के दौरान एक गंभीर सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है। सबरीमाला मंदिर दर्शन के लिए जा रहे वायुसेना के हेलीकॉप्टर के पहिए प्रमदम राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम के कच्चे कंक्रीट वाले हेलीपैड पर उतरते ही गड्ढे में धंस गए। इस घटना से एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया, लेकिन राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

चार दिन की यात्रा के लिए केरल पहुंची राष्ट्रपति

राष्ट्रपति मुर्मू 21 अक्टूबर को चार दिवसीय केरल यात्रा पर तिरुवनंतपुरम पहुंची थीं। 22 अक्टूबर को सुबह पत्तनामथिट्टा जिले के प्रमदम में उतरने के दौरान यह हादसा हुआ। हेलीकॉप्टर के वजन से हेलीपैड का नया कंक्रीट धंस गया, जिससे विमान के पहिए कीचड़ भरे गड्ढे में फंस गए। स्थानीय पुलिसकर्मियों और वायुसेना के अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हेलीकॉप्टर को जिप और अन्य साधनों से खींचकर बाहर निकाला। इस दौरान राष्ट्रपति सुरक्षित रहीं, लेकिन घटना ने सुरक्षा प्रोटोकॉल की पोल खोल दी है।

ANI ने जारी किया वीडियो

न्यूज़ एजेंसी एएनआई द्वारा जारी वीडियो में साफ दिख रहा है कि हेलीपैड का कंक्रीट इतना कच्चा था कि हेलीकॉप्टर के उतरते ही यह नीचे धंस गया। स्थानीय प्रशासन ने हेलीपैड को हाल ही में तैयार किया था, लेकिन इसकी मजबूती की जांच न होने से यह चूक हुई। राष्ट्रपति के दौरे के कार्यक्रम के अनुसार, वे सबरीमला भगवान अयप्पा मंदिर में दर्शन और आरती के लिए जा रही थीं। घटना के बाद उनका कार्यक्रम निर्धारित समय पर ही संपन्न हुआ।

विपक्ष का सरकार पर वार

सुरक्षा विशेषज्ञों ने कहा "राष्ट्रपति स्तर के दौरे में हेलीपैड की गुणवत्ता जांच अनिवार्य है। यह लापरवाही घातक साबित हो सकती थी। केंद्र और राज्य सरकार को इसकी उच्चस्तरीय जांच करनी चाहिए।" इसी बीच, कांग्रेस ने इस घटना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है, जबकि भाजपा ने इसे 'तकनीकी खराबी' बताकर टालने की कोशिश की है।

Updated on:
22 Oct 2025 11:05 am
Published on:
22 Oct 2025 10:57 am
Also Read
View All

अगली खबर