
Neha Bora Controversial Remarks : नई दिल्ली। शिवसेना (UBT) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने नेहा बोरा के हालिया विवादित बयान पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कट्टर सोच देश और समाज के लिए बेहद हानिकारक है, चाहे वह किसी भी वैचारिक धारा से आती हो।
सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हालांकि मुझे लगता है कि यह पुराना वीडियो हो सकता है, लेकिन यह एक ऐसी मानसिकता को उजागर करता है जिसके तहत यह दावा किया जाता है कि मंदिर में बलात्कार होते हैं, वे पुजारियों द्वारा किए जाते हैं और ब्राह्मण महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
अपने बयान में उन्होंने आगे कहा कि मैं आम तौर पर जातिगत मामलों पर ध्यान देने से बचती हूं, लेकिन खुद एक ब्राह्मण महिला होने के नाते मैं यह सवाल पूछना चाहती हूं कि क्या इस तरह की अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना उचित है? मैंने हमेशा माना है कि इस तरह की कट्टर सोच चाहे वह वामपंथ से हो या दक्षिणपंथ से देश के लिए नुकसानदेह है।
नेहा बोरा को नसीहत देते हुए प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि वह उनके साथ बैठकर उन्हें समझाना चाहेंगी कि हर चीज को जाति या धर्म के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह युवा हैं, प्रतिभाशाली हैं, उज्ज्वल और समझदार हैं तथा उनके भीतर किसी उद्देश्य के लिए लड़ने का जज्बा है। उन्हें अपनी इस बुद्धि का इस्तेमाल और अधिक सकारात्मक व रचनात्मक तरीके से करना चाहिए।
इस मामले पर समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद राजीव राय ने कहा कि इस तरह का व्यापक बयान देना बिल्कुल भी उचित नहीं है। हर धर्म में अच्छे और बुरे, दोनों तरह के लोग होते हैं। हमें किसी एक को लेकर सामान्यीकरण (जनरलाइजेशन) नहीं करना चाहिए। हमें इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह वही बात है जो भाजपा चाहती है; हम उनके जाल में क्यों फंसें? इसके अलावा, आज के दौर में जिस तरह की बयानबाजी की जा रही है, वह पूरी तरह से अस्वीकार्य है। इसका कोई आधार नहीं है।