
Indian Navy Warships: समुद्र में भारत की ताकत बढ़ाने वाले प्रोजेक्ट-17ए का आखिरी युद्धपोत ‘विंध्यगिरि’ शुक्रवार को भारतीय नौसेना को सौंप दिया गया। इसके साथ ही परियोजना के सभी सात युद्धपोत नौसेना में शामिल हो गए। कोलकाता के गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स में बना विंध्यगिरि दुश्मन के जहाजों, विमानों और पनडुब्बियों से मुकाबला करने में सक्षम है।
इसकी बनावट ऐसी है कि दुश्मन के रडार के लिए इसका पता लगाना मुश्किल होगा। इसमें निगरानी और हमलों का जवाब देने के लिए आधुनिक हथियार व उपकरण लगाए गए हैं। यह समुद्र में निगरानी के साथ युद्ध के दौरान भी कई जिम्मेदारियां निभा सकता है।
प्रोजेक्ट के पहले युद्धपोत आइएनएस नीलगिरि की डिलीवरी 20 दिसंबर 2024 को हुई थी। इसके बाद 23 महीने में सभी सात युद्धपोत नौसेना को सौंप दिए गए। विंध्यगिरि को बनाने में 68 महीने लगे, जबकि पहले युद्धपोत के निर्माण में 84 महीने लगे थे।
विंध्यगिरि में 75 फीसदी सामग्री स्वदेशी है। इसके निर्माण में 200 से अधिक भारतीय उद्योगों ने योगदान दिया। परियोजना से करीब 4,000 लोगों को प्रत्यक्ष और 10,000 से अधिक को अप्रत्यक्ष रोजगार मिला। कर्नाटक की विंध्यगिरि पर्वत शृंखला के नाम पर बने इस युद्धपोत का नाम पुराने आइएनएस विंध्यगिरि से लिया गया है, जिसने 1981 से 2012 तक नौसेना में सेवा दी थी।