केजरीवाल ने आरोप लगाया कि शिरोमणि अकाली दल, बीजेपी और कांग्रेस की पूर्व सरकारों के दौरान पंजाब नशे में डूब गया था, जबकि आम आदमी पार्टी की सरकार तस्करों पर सख्त कार्रवाई कर रही है।
Arvind Kejriwal Punjab Rally: पंजाब के मोगा जिले के किल्ली चहलां गांव में आयोजित ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ कार्यक्रम के तहत विलेज डिफेंस कमेटियों (VDC) के शपथ समारोह में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने नशे के खिलाफ जनभागीदारी को निर्णायक हथियार बताया। हजारों लोगों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि शिरोमणि अकाली दल, बीजेपी और कांग्रेस की पूर्व सरकारों के दौरान पंजाब नशे में डूब गया था, जबकि आम आदमी पार्टी की सरकार तस्करों पर सख्त कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में 2,000 किलो से अधिक नशा बरामद हुआ, बड़े तस्करों को गिरफ्तार किया गया और अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया गया, जिससे लोगों का डर कम हुआ है।
केजरीवाल ने बताया कि हर गांव और वार्ड में VDC बनाई जा रही है, जिसमें सम्मानित नागरिक, पूर्व सैनिक, शिक्षक, युवा और पंचायत प्रतिनिधि शामिल हैं। समिति का काम नशा बेचने-खरीदने वालों की गुप्त सूचना देना और पीड़ितों को इलाज के लिए नशा मुक्ति केंद्र तक पहुंचाना है। इसके लिए सरकार ने एक मोबाइल ऐप भी बनाया है, जिसमें दी गई जानकारी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचती है और पहचान पूरी तरह गोपनीय रहती है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से काम करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि तस्करों से मिलीभगत पर कड़ी कार्रवाई होगी।
इस दौरान सीएम भगवंत मान ने भी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की नीतियों ने पंजाब की युवा पीढ़ी को बर्बाद किया, लेकिन मौजूदा सरकार सप्लाई चेन तोड़ने के साथ-साथ इलाज और पुनर्वास पर भी काम कर रही है। उन्होंने 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज वाली स्वास्थ्य योजना और रोजगार सृजन को भी नशा रोकथाम का अहम उपाय बताया। दूसरे चरण में स्कूलों पर विशेष ध्यान देते हुए शिक्षकों और काउंसलरों के जरिए अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा।
मान ने कहा कि पंजाब मिल्खा सिंह, दारा सिंह, हरमनप्रीत कौर और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों की धरती है और इसे फिर से “रंगला पंजाब” बनाना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने महाराजा रणजीत सिंह का उदाहरण देते हुए कहा कि जनता के बीच जाकर समस्याएं समझना ही सच्चा शासन है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त पंजाब बनाने की शपथ भी ली।