
Punjab University student union election: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट काउंसिल (PUCSC) चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए ऐतिहासिक जीत हासिल की है। ABVP के प्रत्याशी अंकित बिढान को छात्रों का भारी समर्थन मिला और वे कुल 2,879 वोट हासिल कर नए अध्यक्ष चुने गए हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) समर्थित छात्र विंग 'एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स' (ASAP) के उम्मीदवार आदिल बराड़ को 500 से अधिक मतों के अंतर से हराया। इस मुकाबले में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे।
चुनाव नतीजों के बाद, नवनिर्वाचित प्रेसिडेंट अंकित बिधान ने कहा कि Gen Z ने साबित कर दिया है कि ABVP और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी उनके दिलों में खास जगह रखते हैं। यह जीत पूरी ABVP टीम की कड़ी मेहनत का नतीजा है। हमें स्टूडेंट्स का प्यार और सपोर्ट मिला है। 'स्टूडेंट्स ऑर्गनाइज़ेशन ऑफ़ इंडिया' हमारे घोषणा-पत्र से सहमत हुआ और हमारे साथ गठबंधन किया। हम स्टूडेंट्स के प्यार और सपोर्ट की वजह से जीते हैं। हम बहुत खुश हैं।
ABVP ने पिछले साल पंजाब यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में पहली बार प्रेसिडेंट पद जीता था। इस बार संगठन ने लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए यह सीट अपने नाम की। इस बार के छात्र संघ चुनाव में जंतर-मंतर प्रदर्शन का मुद्दा पूरे चुनाव प्रचार के दौरान छाया रहा। विपक्षी छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों ने प्रचार के दौरान इस आंदोलन को मुद्दा बनाकर ABVP को घेरने की भरपूर कोशिश की थी। इसके अलावा चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी (AAP) और उसके छात्र विंग ने अंकित बिढान के नामांकन और दस्तावेजों पर भी सवाल उठाए थे। हालांकि, छात्रों ने इन विवादों को दरकिनार कर ABVP उम्मीदवार के पक्ष में वोट दिया।
नवनिर्वाचित प्रेसिडेंट अंकित बिढान मूल रूप से हरियाणा के जींद जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने जींद से अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद पंजाब यूनिवर्सिटी के लॉ विभाग से कानून की डिग्री हासिल की। अभी वे पंजाब यूनिवर्सिटी के 'सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल इंक्लूजन' (CSSEIP) में रिसर्च स्कॉलर (पीएचडी) के तौर पर शोध कर रहे हैं। अंकित 2021 से विद्यार्थी परिषद से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और कैंपस में छात्रों के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाते रहे हैं।
अंकित बिढान की ऐतिहासिक जीत के बाद, BJP के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ABVP के अंकित बिढान ने प्रेसिडेंट पद के लिए शानदार जीत हासिल की है। उन्होंने यह भी बताया कि शिरोमणि अकाली दल के छात्र संगठन SOI ने भी पिछले 48 घंटों में ABVP उम्मीदवार को अपना समर्थन दिया था।
वहीं, बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने उन्हें जीत पर बधाई दी और कहा कि यह निर्णायक जनादेश ABVP के नेतृत्व और नीतियों में छात्रों के भरोसे को दर्शाता है। पंजाब ABVP ने भी सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर इस नतीजे को छात्रों का स्पष्ट जनादेश बताया।