राष्ट्रीय

BRICS Summit: नई दिल्ली पहुंचे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, आज PM नरेंद्र मोदी संग करेंगे द्विपक्षीय बातचीत

BRICS Summit 2026: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली पहुंचे। आज पीएम मोदी संग द्विपक्षीय वार्ता में रूस-यूक्रेन युद्ध, रक्षा सहयोग और वैश्विक मुद्दों पर होगी चर्चा। जानें पूरी खबर।
2 min read
Sep 11, 2026
Putin
नई दिल्ली पहुंचे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (फोटो-IANS)

PM Modi-Putin meeting:रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे। वह आज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। रूसी राष्ट्रपति पुतिन के आगमन पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने X पर पोस्ट किया कि 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का हार्दिक स्वागत है। उनका स्वागत हवाई अड्डे पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने किया। भारत और रूस के बीच विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त सामरिक साझेदारी पर आधारित बहुआयामी और दीर्घकालिक संबंध हैं।

पुतिन और मोदी की SCO समिट में हुई थी मुलाकात

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात कीर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन समिट के दौरान दौरान हुई थी। बिश्केक में पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन से बातचीत के दौरान कहा था कि अंतहीन युद्ध का अंत जल्द होना चाहिए। पीएम मोदी ने पुतिन से रूस-यूक्रेन संघर्ष के संदर्भ में यह बात कही थी। दोनों देशों के बीच युद्ध 5 साल से अधिक समय से जारी है।

पीएम मोदी ने कहा था, 'हमें 'अंतहीन युद्ध' की स्थिति से 'युद्ध की समाप्ति' की ओर बढ़ना होगा। यह मानवता की इच्छा है कि इस युद्ध का अंत जल्द से जल्द हो।'

द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे: क्रेमलिन प्रवक्ता

शुक्रवार को होने वाली पीएम मोदी-पुतिन मुलाकात से दोनों पक्षों को अपनी द्विपक्षीय साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करने और रणनीतिक महत्व के मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर मिलने की उम्मीद है। पुतिन की यात्रा से पहले भारतीय मीडियाकर्मियों से बात करते हुए, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा था कि दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे, और रूसी राष्ट्रपति पीएम मोदी को यूक्रेन संघर्ष की मौजूदा स्थिति से अवगत कराएंगे। रक्षा सहयोग इस बैठक के प्रमुख एजेंडा बिंदुओं में से एक होने की संभावना है। दोनों नेताओं के मौजूदा और भावी रक्षा परियोजनाओं पर चर्चा करने की उम्मीद है।

12-13 सितंबर को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन

ब्रिक्स 2026 की अध्यक्षता करते हुए भारत 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा, जिसमें ब्रिक्स सदस्य और साझेदार देशों के साथ-साथ आमंत्रित अतिथि देशों के नेता भी शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, इस शिखर सम्मेलन के दौरान नेता ब्रिक्स के भीतर सहयोग मजबूत करने और आपसी हित के वैश्विक व क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार साझा करेंगे।

Updated on:
11 Sept 2026 07:01 am
Published on:
11 Sept 2026 06:56 am