राष्ट्रीय

‘देशद्रोही कहा, 6 घंटे बंधक बनाकर गालियां दी’, राहुल गांधी के सामने नीट प्रदर्शनकारी छात्रों ने बयां किया अपना दर्द

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नीट प्रदर्शन में शामिल छात्रों से बातचीत का साढ़े दस मिनट का वीडियो जारी किया है। छात्रों ने पुलिस बर्बरता, बंधक बनाए जाने और गाली-गलौज के गंभीर आरोप लगाए हैं।
3 min read
Aug 16, 2026
Rahul Gandhi, NEET Protest, NEET Protest Students, Rahul Gandhi NEET Protest, NEET Students Protest, NEET Protest Police Action, NEET Protest Police Brutality,
राहुल गांधी के सामने नीट प्रदर्शनकारी छात्रों ने बयां किया अपना दर्द (फोटो - @RahulGandhi/X)

Rahul Gandhi and NEET Protest Students: नीट प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर छात्रों ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सामने अपना दर्द साझा किया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर छात्रों के साथ हुई बातचीत का करीब साढ़े 10 मिनट का वीडियो शेयर किया है। इसमें छात्रों ने प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज, हिरासत और बदसलूकी को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए।

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में युवाओं के साहस की तारीफ की। उन्होंने कहा कि युवाओं ने शांति और मजबूती के साथ अपनी आवाज उठाई और सरकार से जवाबदेही मांगी।

छात्रों ने सुनाई प्रदर्शन के दौरान की कहानी

वीडियो में एक छात्रा ने बताया कि उसका पेपर लीक नहीं हुआ था। इसके बावजूद वह अपनी बहन और दूसरे छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन में शामिल हुई थी। उसने कहा कि युवाओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी था।

प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने पुलिस पर बर्बर कार्रवाई का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, पुलिस ने लाठीचार्ज किया। एक छात्रा ने दावा किया कि उसे कई बार लाठियां मारी गईं। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने अपनी नेम प्लेट उतार रखी थी और कुछ ने चेहरा ढक रखा था।

पैलेट गन से छात्र का कान कट गया

छात्रों ने प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया। एक छात्रा ने राहुल गांधी को बताया कि उसने एक छात्र को कान के पास पैलेट गन से गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल होते देखा था। उसके मुताबिक, छात्र के कान का एक हिस्सा कटकर लटक गया था और बाद में उसे सर्जरी करानी पड़ी।

छात्रों ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस और अधिकारियों ने उन्हें 'देशद्रोही' और 'आतंकवादी' कहा। उनका आरोप है कि कई छात्रों को एक वैन में बंद कर दिया गया और करीब छह घंटे तक बाहर नहीं निकलने दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान उनके मोबाइल फोन ले लिए गए और अधिकारियों की ओर से गाली-गलौज की गई।

छात्राओं ने सोशल मीडिया पर बदनाम करने का लगाया आरोप

वीडियो में मुंबई के NEET प्रदर्शन में शामिल रही रिया अहीर ने भी अपना अनुभव बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर गलत तरीके से प्रसारित किया गया। रिया के मुताबिक, सामान्य तस्वीरों और वीडियो को भी गलत संदर्भ में दिखाकर उन्हें बदनाम करने और डराने की कोशिश की गई।

छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लड़कियों को कैमरे के सामने माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उन्होंने कोई गलती नहीं की थी, तो उनसे माफी क्यों मंगवाई गई। उन्होंने प्रधानमंत्री की ओर से उस माफी को स्वीकार करने और धन्यवाद देने पर भी सवाल खड़े किए।

राहुल गांधी ने छात्राओं के साहस की तारीफ की

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में खास तौर पर उन छात्राओं का जिक्र किया, जिन्होंने प्रदर्शन के दौरान मुश्किल परिस्थितियों का सामना किया। उन्होंने आरोप लगाया कि लड़कियों को बीजेपी से जुड़े लोगों की ओर से बदसलूकी, गाली-गलौज और हिंसा का सामना करना पड़ा।

राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें देश के हर युवा पर गर्व है। उन्होंने खास तौर पर उन लड़कियों की सराहना की, जिन्होंने दबाव के बावजूद अपनी आवाज उठाई।

22 अगस्त को पुणे में होगा छात्रों की गूंज कार्यक्रम

राहुल गांधी ने युवाओं और छात्राओं से जुड़े एक कार्यक्रम की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि 22 अगस्त को 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पुणे पहुंचेगा। इस बार यह कार्यक्रम खास तौर पर छात्राओं के लिए आयोजित किया जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि अब लड़कियां अपनी बात खुलकर रखेंगी और देश उनकी आवाज सुनेगा। उन्होंने लोगों से इस कार्यक्रम से जुड़ने के लिए रजिस्ट्रेशन करने की अपील भी की है।

वीडियो में छात्रों ने कहा कि उनका संघर्ष सिर्फ उनके लिए नहीं है। उनका कहना है कि यह उन सभी लोगों की लड़ाई है जो अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हैं और अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्वक खड़े होते हैं।

Updated on:
16 Aug 2026 06:44 pm
Published on:
16 Aug 2026 06:16 pm
Also Read
View All
‘अब्दुल को बीजेपी के लोगों ने पीटा, बचाने आए पिता को भी मारा, गई जान’, CJP प्रवक्ता सौरव दास का गंभीर आरोप

छात्र आंदोलन पर BJP प्रदेश अध्यक्ष बोले- राहुल गांधी दिल्ली में उछलते हैं, झारखंड में चुप क्यों? दम है तो समर्थन वापस लें

सुखजिंदर सिंह रंधावा का बड़ा दावा- पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनेगी, 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएंगे

Vande Mataram Controversy: ‘सोनिया गांधी माफी मांगें’, अमित शाह के बयान पर कांग्रेस का जवाब- ‘अपनी नाकामियों का हिसाब दें’

‘इस तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए’, बंगाल में पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी के निधन को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा