
CJP प्रवक्ता सौरव दास (फोटो - एएनआई)
CJP Volunteer Abdul Father Death Saurav Das Allegation: पश्चिम बंगाल में एक 26 वर्षीय कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) सदस्य के पिता की मौत को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि संगठन के सदस्य अब्दुल को उसके घर पर पीटा गया। जब उसके पिता उसे बचाने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। बाद में उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई।
सौरव दास ने यह आरोप एक वीडियो में लगाए हैं। उन्होंने बताया कि अब्दुल CJP के 'स्कूल ठीक करो' अभियान से जुड़ा था और इससे पहले जंतर-मंतर पर हुए 'चलो संसद' प्रदर्शन में भी शामिल हुआ था।
सौरव दास के मुताबिक, CJP ने हाल ही में 'स्कूल ठीक करो' नाम से अभियान शुरू किया है। इसके तहत लोगों और अभिभावकों से अपने आसपास के सरकारी स्कूलों में जाकर वहां की समस्याओं का सोशल ऑडिट करने की अपील की गई है।
उन्होंने दावा किया कि 13 अगस्त को 26 वर्षीय अब्दुल पश्चिम बंगाल में अपने स्थानीय सरकारी स्कूल गया था। वहां उसने एक शिक्षक से कहा था कि वह अगले दिन स्कूल का सोशल ऑडिट करने आएगा। सौरव दास के मुताबिक, उसी रात कुछ बीजेपी कार्यकर्ता अब्दुल के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट की।
सौरव दास ने आरोप लगाया कि अब्दुल के पिता जब अपने बेटे को बचाने के लिए आगे आए तो उनके साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने दावा किया कि पिटाई के बाद अब्दुल के पिता की तबीयत बिगड़ गई। परिवार को अगले दिन उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी मिली और शाम तक उनकी मौत हो गई। उन्होंने इस घटना को बेहद गंभीर और निंदनीय बताया है।
CJP प्रवक्ता ने कहा कि उनका संगठन सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए अभियान चला रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि स्कूलों की समस्याओं का सोशल ऑडिट करने की कोशिश करने वाले युवाओं को डराने या धमकाने की जरूरत क्यों पड़ रही है।
उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर युवाओं को डराने-धमकाने का आरोप लगाया। दास ने कहा कि युवा अपने अधिकारों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सवाल पूछने से पीछे नहीं हटेंगे।
सौरव दास ने बताया कि CJP का एक प्रतिनिधिमंडल पश्चिम बंगाल जाएगा। उन्होंने कहा कि आशुतोष रांका बंगाल जाकर अब्दुल और उसके परिवार से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करेगा। दास ने कहा कि दोषियों को सजा मिलने तक उनका संगठन इस मामले को उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि CJP का पूरा संगठन और युवा अब्दुल के परिवार के साथ खड़ा है।
सौरव दास ने कहा कि अगर किसी को लगता है कि इस तरह की घटनाओं से युवा डर जाएंगे तो यह गलतफहमी है। उनके मुताबिक, अलग-अलग पीढ़ियों के युवा सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और सरकारी स्कूलों से जुड़े सवाल उठाना किसी राजनीतिक विचारधारा तक सीमित नहीं होना चाहिए। उनके मुताबिक, सभी लोगों को ऐसे अभियान का समर्थन करना चाहिए।
Updated on:
16 Aug 2026 07:18 pm
Published on:
16 Aug 2026 07:18 pm
