
सोनिया गांधी(फोटो-ANI)
Vande Mataram: ‘वंदे मातरम’ विवाद को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से सोनिया गांधी और कांग्रेस से माफी मांगने की मांग पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें कांग्रेस से माफी मांगने के बजाय अपनी और सरकार की 'भारी विफलताओं' का जवाब देना चाहिए। जयराम रमेश ने अमित शाह पर कई गंभीर आरोप लगाए और कहा कि वह 'आज के असली मुद्दों' से ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस से माफी की मांग कर रहे हैं।
अमित शाह पर हमला बोलते हुए जयराम रमेश ने सोशल मीडिया साइट 'X' पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जिस व्यक्ति ने 17 दिसंबर 2024 को राज्यसभा में डॉ. बीआर आंबेडकर का अपमान किया, वह आज कांग्रेस से माफी मांग रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शाह ऐसी विचारधारा से आते हैं, जिसने जनवरी 2002 तक अपने मुख्यालय पर तिरंगा फहराना भी उचित नहीं समझा। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी अमित शाह पर निशाना साधा।
जयराम रमेश ने कहा कि अमित शाह कांग्रेस से माफी की मांग कर रहे हैं, जबकि उन्हें अपनी और अपने 'साहिब' की कथित विफलताओं का जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वंदे मातरम विवाद के जरिए असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में ‘वंदे मातरम’ विवाद को लेकर कांग्रेस और सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोला था। शाह ने आरोप लगाया कि 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम’ का गायन हो रहा था और इसी दौरान सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से गान रोकने को कहा। अमित शाह ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ के 150वें वर्ष में यह गीत फिर से सम्मान हासिल कर रहा है, लेकिन कांग्रेस को यह रास नहीं आ रहा। उन्होंने सोनिया गांधी और कांग्रेस से देश की जनता तथा बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की अमर आत्मा से माफी मांगने की मांग की थी।
दरअसल, 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम’ का गायन हुआ। इसी दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी के बीच बातचीत और इशारों का एक वीडियो सामने आया। इसके बाद बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने ‘वंदे मातरम’ का गायन रोकने के लिए खरगे से कहा था।
Updated on:
16 Aug 2026 06:22 pm
Published on:
16 Aug 2026 06:22 pm
