राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा रोकने से इंकार कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अब यात्रा को रोकने के लिए बहाने बनाए जा रहे हैं, मास्क पहनों, यात्रा बंद करो कोरोना फैल रहा है।
दुनियाभर में बढ़ रहे कोरोना मामलों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बीते दिन गुरुवार को राहुल गांधी को लेटर लिखा था, जिसमें भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कोविड प्रोटोकाल का पालन करने या फिर यात्रा को बंद करने के लिए कहा था। मंडाविया के इस लेयर के तुरंत बाद सियासी पारा हाई हो गया। कांग्रेस के कई नेताओं ने इस लेटर को भारत जोड़ो यात्रा को रोकने के लिए साजिश का हिस्सा बताया था। वहीं आज इसपर खुद राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया देते हुए भारत जोड़ो यात्रा रोकने से इनकार किया है।
राहुल गांधी ने हरियाणा के नूंह में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि "हमारी यात्रा कश्मीर तक जाएगी। इन्होंने(भाजपा) मुझे लेटर लिखा कि कोरोना आ रहा है, यात्रा बंद करो। अब यात्रा को रोकने के लिए बहाने बनाए जा रहे हैं मास्क पहनों, यात्रा बंद करो कोरोना फैल रहा है। ये सब बहाने हैं। भारत की शक्ति, सच्चाई से ये लोग डर गए हैं।"
कांग्रेसी नेताओं के आरोपों से भड़के स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया
इससे पहले राहुल गांधी को लिखे पत्र पर कांग्रेसी नेताओं के आरोपों से भड़के मनसुख मंडाविया ने जवाब देते हुए कहा था कि "कल मुझे राजस्थान के 3 सांसदों ने पत्र लिखा था कि राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा में गए हुए कई लोगों को कोविड पॉजिटिव पाया गया है। हिमाचल CM भी भारत जोड़ो यात्रा में गए थे, उसमें कोविड पॉजिटिव पाए गए। मैंने राहुल गांधी और अशोक गहलोत को पत्र लिखकर इस बारे में बताया। भारत सरकार का स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते यह मेरा दायित्व है कि देश में कोरोना ना फैले।" इसके साथ ही उन्होंने कहा कि "जिस तरह से आज लेटर लिखे जाने के बाद कहा जा रहा है आपको लेटर नहीं लिखना चाहिए, क्यों लिखा? मैं भारत सरकार का स्वास्थ्य मंत्री हूं, जिसके नाते मेरा दायित्व है कि देश में कोरोना न फैले। एक देश का स्वास्थ्य मंत्री अपने दायित्व का पालन करता है। कोरोना न फैले उसके लिए सुचना देता है तो उस पर आरोप लगाना मेरे दायित्व के पालन करने से रोकना है।"
राहुल गांधी के दिल्ली आने पर दिख रहा है ओमिक्रोन
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि "आज जब राहुल गांधी पदयात्रा करते हुए दिल्ली में आ रहे हैं तब उनको ओमिक्रोन दिख रहा है। ओमिक्रोन के मामले अगस्त से पकड़े जा रहे हैं। अगर यह तब से आ रहे हैं तो PM मोदी की गुजरात की रैलियों पर क्यों रोक नहीं लगी? मिलेट लंच क्यों हुआ? सदन बिना मास्क क्यों चला?"
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी को स्वास्थ्य मंत्री का पत्र - भारत जोड़ो यात्रा में कोविड प्रोटोकाल का सख्ती से पालन करें, कांग्रेस ने जताया विरोध
यह भी पढ़ें: कोरोना को लेकर हाई लेवल मीटिंग खत्म, मंत्री बोले- किसी भी स्थिति से निपटने को तैयार