राष्ट्रीय

लोकसभा में गरजे राहुल गांधी, कहा – “सरकार ने देश को बेच दिया”

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज लोकसभा में जमकर गरजे हैं। अपने भाषण में उन्होंने सरकार पर जमकर निशाना साधा है।
3 min read
Feb 11, 2026
Rahul Gandhi
Rahul Gandhi (Photo - Sansad TV)

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने आज, बुधवार, 11 फरवरी को लोकसभा (Lok Sabha) में भाषण दिया है। अपने भाषण में राहुल गरजे और सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल ने बजट को सामान्य बताते हुए कहा कि इसमें कुछ भी खास नहीं है। साथ ही सरकार पर देश को बेचने का भी आरोप लगाया। राहुल ने कहा कि सरकार की गर्दन कसी हुई है और इसलिए वो देश का सौदा कर रही है। इसके साथ ही राहुल ने यह भी कहा कि सरकार को शर्म आनी चाहिए कि उन्होंने भारत माता को बेच दिया है। राहुल ने यह भी कहा कि सरकार ने सरेंडर कर दिया है।

"ट्रेड डील से भारत को नहीं होगा फायदा"

राहुल ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील (India-US Trade Deal) पर भी सवाल उठाए। राहुल ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने अमेरिका (United States Of America) की शर्तों पर ट्रेड डील की है जिससे भारत का आयात बढ़ेगा। राहुल ने कहा कि इस ट्रेड डील से भारत को नहीं, बल्कि अमेरिका को फायदा होगा। राहुल ने यह भी कहा कि अगर कांग्रेस सरकार में होती, तो अमेरिका से बराबरी पर बात करती।

"अमेरिका-चीन की भारत के डेटा पर नज़र"

राहुल ने कहा कि अमेरिका और चीन (China) की नज़र भारत के डेटा पर है और सरकार देश का डेटा बेच रही है। राहुल का मानना है कि अमेरिका को डॉलर को बचाने के लिए भारत का डेटा चाहिए। राहुल ने ट्रंप को संदेश देते हुए कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप, अगर आप भारत के डेटा तक पहुंच चाहते हैं, तो यह बात जान लें कि आप हमसे बराबरी के स्तर पर बात करेंगे। आप हमसे ऐसे बात नहीं करेंगे जैसे हम आपके नौकर हों। आप यह भी समझ लें कि हमारी ऊर्जा सुरक्षा हमारी ऊर्जा सुरक्षा है। चाहे कुछ भी हो जाए, हम अपनी ऊर्जा सुरक्षा की रक्षा करेंगे।"

"हम अपने किसानों की रक्षा करेंगे"

राहुल ने आगे कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप, हम समझते हैं कि आपका एक बड़ा वोटर बेस कृषि प्रधान है। हम समझते हैं कि आपको अपने किसानों की रक्षा करने की ज़रूरत है, लेकिन हम भी अपने किसानों की रक्षा करेंगे।"

"हम खतरनाक युग में जी रहे हैं"

राहुल ने कहा कि पीएम मोदी कहते हैं कि यह युद्ध का दौर नहीं है, लेकिन हम खतरनाक युग में जी रहे हैं। राहुल ने इस दौरान रूस-यूक्रेन युद्ध और इज़रायल-हमास युद्ध का भी ज़िक्र किया। राहुल ने कहा -"हम स्थिरता के युग से अस्थिरता के युग की ओर बढ़ रहे हैं। वास्तव में हम युद्ध के युग में प्रवेश कर रहे हैं। हमने 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया, इसलिए हम अस्थिरता के युग में प्रवेश कर रहे हैं। डॉलर को चुनौती मिल रही है। हम एक महाशक्ति की दुनिया से एक ऐसी नई दुनिया की ओर बढ़ रहे हैं जिसकी हम वास्तव में भविष्यवाणी नहीं कर सकते।"

बीजेपी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

राहुल के आरोपों पर लोकसभा में हंगामा मच गया है। बीजेपी (BJP) ने राहुल के आरोपों को बेबुनियाद बताया। किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) ने कहा है कि राहुल को अपने आरोपों को साबित करना होगा और ऐसा नहीं कर पाए, तो माफ़ी मांगनी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा कोई नहीं हुआ जिसने देश को बेचा हो। अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने भी राहुल के आरोपों को झूठा बताया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के राज में देश की स्थिति बहुत खराब थी और भ्रष्टाचार फैला हुआ था, लेकिन बीजेपी की सरकार ने देश को बेहतर बनाया। ठाकुर ने राहुल को झूठा बताया और कहा कि आज भारत मजबूर नहीं, बल्कि मजबूत है। ठाकुर ने अमेरिका से हुई ट्रेड डील को भारत के पक्ष में बताया और यह भी कहा कि देश का बजट देशवासियों के हित में है।

Updated on:
11 Feb 2026 02:49 pm
Published on:
11 Feb 2026 01:50 pm