रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मुंबई में बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत एक 4.88 किलोमीटर लंबी सुरंग का उद्घाटन किया है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को मुंबई के पास ठाणे में 4.88 किलोमीटर लंबी सुरंग का उद्घाटन किया। यह मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में एक महत्वपूर्ण कदम है। सुरंग के एक द्वार पर खड़े होकर वैष्णव ने बटन दबाया और नियंत्रित डायनामाइट विस्फोट कर इसकी अंतिम परत को तोड़ दिया, जिससे लगभग पांच किलोमीटर की खुदाई पूरी हो गई।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस बारे में बात करते हुए कहा कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। मुंबई और ठाणे के बीच समुद्र के नीचे एक सुरंग का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने महाराष्ट्र में घनसोली और शिलफाटा (4.881 किमी) के बीच सुरंग के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि यह मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
इसे एक "ऐतिहासिक उपलब्धि" बताते हुए, मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सूरत-बिलिमोरा खंड पर हाई-स्पीड कॉरिडोर का पहला चरण दिसंबर 2027 में शुरू होगा, जो 2028 में ठाणे और 2029 में बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स को कवर करेगा। उन्होंने मुंबई के निकट घनसोली में मीडिया से बात करते हुए कहा कि बुलेट ट्रेन मध्यम वर्ग के लिए राहत भरा कदम होगा और इसका किराया उचित होगा।
रेल मंत्री ने बताया कि, अब, मुंबई-अहमदाबाद परियोजना में लगभग 320 किलोमीटर लंबा पुल वाला हिस्सा पूरा हो चुका है। सभी स्टेशनों पर बहुत अच्छा काम चल रहा है। नदियों पर बन रहे पुल भी बहुत तेजी से पूरे हो रहे हैं। केंद्रीय मंत्री के अनुसार, लोग बुलेट ट्रेन से मुंबई और अहमदाबाद के बीच की दूरी दो घंटे सात मिनट में तय कर सकेंगे, जबकि गूगल मैप्स ऐप पर यह दूरी नौ घंटे में तय होती है।