
Road Accident: मध्य प्रदेश के मैहर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां नेशनल हाईवे 30 पर मंगलवार तड़के कार और ट्रक की टक्कर से एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसा इतना भीषणा था कि कार सवार एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य शख्स गंभीर रूप से घायल है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार सवार परिवार किसी के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहा था। इसी बीच रास्ते में उनकी SUV कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ी। शुरुआती जांच में पुलिस, दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और नियंत्रण बिगड़ने के कारण माना है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई।
दरअसल, मैहर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार बेकाबू हो गई और आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। यह भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक शख्स गंभीर रूप से घायल है। गंभीर रूप से घायल शख्स को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद जबलपुर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
कार सवार मृतकों की पहचान अंकुर पटेल, मृदुन पटेल, विशेष पटेल, हरिशंकर पटेल के रूप में हुई है, जबकि एक मृतक की पहचान उजागर नहीं हुई है। सभी मृतक पूर्व विधायक लाल जी पटेल के परिवार से जुड़े बताए जा रहे हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल संजीव कुमार पटेल की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
इस हादसे के बाद गांव तनाजा सहित पूरे इलाके में शोक की लहर है। जिस घर में कुछ समय पहले तक हंसी-खुशी और जश्न का माहौल था, वहां अब चीखें सुनाई दे रही है। हादसे की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री राम खेलावन पटेल जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है कि आखिर देर रात राजमार्ग पर हादसा किस तरह हुआ। पुलिस जांच के बाद ही किसी नतीजे पर ही पहुंच सकेगी।