
पीड़िता के परिवार से मिलने के बाद सायोनी घोष का बड़ा बयान | फोटो सोर्स- patrika.com
Sayoni Ghosh on Baruipur Case: पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में 11 साल की मासूम बालिका के साथ हुई दरिंदगी और उसकी मौत के मामले ने सबको हिलाकर रख दिया है। TMC की बागी नेता सायोनी घोष ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और एक बड़ा बयान दिया है। सायोनी घोष ने कहा कि इस घटना के पीछे एक बड़ा रैकेट हो सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी से मांग की है कि मामले की बिना किसी भेदभाव के जांच हो और दोषियों को सीधे फांसी की सजा दी जाए।
बागी TMC नेता सायनी घोष ने इस मामले में कहा, 'मैं पूरे परिवार से मिली। जब किसी की जान जाती है, कोई बच्चा मरता है, तो हमें भी दुख होता है। हम अपनी मुख्यमंत्री से यही उम्मीद करते हैं- एक जांच, एक सच्ची जांच, एक पूरी जांच। दोषियों को सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। आप सभी जानते हैं कि मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि हम इस मामले की गहराई से जांच करेंगे, हम मामले की तह तक जाएंगे। और भले ही ऐसा लगे कि इसमें दो, तीन या चार लोग शामिल हैं, लेकिन यह एक बहुत बड़ा रैकेट है। हमें भविष्य में अपनी बेटियों की सुरक्षा और हिफाजत पक्की करनी होगी।'
उन्होंने आगे कहा, 'अभी नई सरकार बनी है, यह दो महीने पुरानी सरकार है। कोई भी पार्टी ऐसा नहीं चाहती, कोई भी मुख्यमंत्री रेप नहीं चाहता, चाहे वह BJP का मुख्यमंत्री हो, तृणमूल का हो या कांग्रेस का। लेकिन अगर ऐसी घटना होती है, तो सबसे जरूरी बात यह है कि इसे कैसे संभाला जाता है; इसलिए हमारी मुख्यमंत्री को इसे अच्छे से संभालना चाहिए और इसमें शामिल सभी लोगों को सबसे कड़ी सजा, यानी मौत की सजा मिलनी चाहिए…'
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर इलाके में गत रविवार 11 साल की मासूम बालिका का शव बरामद किया गया था। इसके बाद भीड़ ने दरिंदगी और हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को पीट-पीटकर मार डाला था।
वहीं स्थानीय स्थानीय लोगों ने इस मामले को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया और बारुईपुर-जयनगर सड़क को जाम लगा दिया था। मुख्यमंत्री शुभेंन्दु अधिकारी ने मृत बालिका के पिता से फोन पर बात की। सीएम ने उन्हें भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्हें कानून के मुताबिक सजा दी जाएगी।
बालिका के परिजनों ने आरोप लगाया था कि हत्या से पहले उसके साथ दरिंदगी की गई थी। पुलिस ने शुरुआत में मामला दर्ज नहीं किया था, लेकिन शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद केस दर्ज किया गया है।
वहीं इसको लेकर सियासत भी तेज हो गई है। प्रदेश भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश का आरोप लगाया। वहीं तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जब बारुईपुर जा रही थी कि पुलिस ने कालीघाट आवास के बाहर जवानों को तैनात कर दिया, ताकी वे घर से बाहर नहीं निकल सकें।
Updated on:
07 Jul 2026 01:40 pm
Published on:
07 Jul 2026 01:00 pm
