
Sachin Pilot Goa: पणजी। पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने शुक्रवार को गोवा में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं और प्रदेश के लोगों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए मंच उपलब्ध कराना चाहिए, लेकिन गोवा में स्थिति इसके उलट दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने वाली सरकार को जनता को कुछ देना चाहिए, जबकि यहां सरकार लोगों से कुछ लेने में लगी है। सचिन पायलट ने कहा कि गोवा में खनन, जमीन और जंगल से जुड़े मुद्दे सामने हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने के लिए सरकार किसी भी हद तक जाने को तैयार है।
चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दे का जिक्र करते हुए पायलट ने कहा कि हाल ही में यह मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि उन्हें गोवा में बताया गया कि करीब 1 लाख 40 हजार वोट हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव ज्यादा दूर नहीं हैं और उन्हें खुशी है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मतदाताओं और आम लोगों से सीधे जुड़ने के लिए यात्रा शुरू की है।
सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस जिन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है, उन पर सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। उन्होंने कहा कि गोवा के साथ-साथ दिल्ली में भी लंबे समय से भाजपा की सरकार है। उन्होंने भाजपा के 'डबल इंजन सरकार' के दावे पर भी सवाल उठाए। पायलट ने कहा कि अगर जमीन पर जाकर गोवा की स्थिति देखी जाए तो पिछले कुछ वर्षों में सबसे बड़ा मुद्दा कानून-व्यवस्था का पूरी तरह चरमराना है।
पायलट ने आरोप लगाया कि गोवा में कुछ बिल्डर माफिया और राजनीतिक रूप से जुड़े लोगों के बीच गठजोड़ पूरी तरह हावी है। उन्होंने कहा कि यह गठजोड़ राज्य की व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक हैं और प्रदेश कांग्रेस की यात्रा के जरिए पार्टी सीधे मतदाताओं और लोगों के बीच पहुंच रही है।