राष्ट्रीय

सलमान खुर्शीद बोले- जब PM के नाम का ऐलान हुआ था तो हमे धक्का लगा, सोनिया की किताब पर नेताओं ने दी प्रतिक्रियाएं

सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' पर कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रियाएं आईं। सलमान खुर्शीद ने कहा, 2004 में पीएम के नाम की घोषणा से सभी को धक्का लगा था।
3 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 7:03 PM IST
Sonia Gandhi Upcoming Book
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने 'X' पर किया डेब्यू (Photo-IANS)

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के प्रकाशित होने के बाद उस पर चर्चा जोरों पर है। किताब में पीएम पद को लेकर सोनिया गांधी ने जिक्र किया है। इस पर कांग्रेसी नेताओं ने दावा किया कि साल 2004 में सभी चाहते थे कि सोनिया गांधी पीएम बने, लेकिन पीएम पद ठुकराने के बाद हम सभी निराश हुए थे, लेकिन बाद में पार्टी के फैसले को स्वीकार कर लिया।

जब PM के नाम का ऐलान हुआ था तो हम सभी को धक्का लगा

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने बोले कि मुझे नहीं पता कि उन दिनों सोनिया गांधी के आवास के भीतर क्या हुआ होगा, जहां उस समय कई लोग और शीर्ष नेता गए थे। मैं उस समय केवल उत्तर प्रदेश का पीसीसी अध्यक्ष था। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के कई कार्यकर्ता चाहते थे कि सोनिया गांधी प्रधानमंत्री बनें, इसलिए वे सड़कों पर उतर आए थे और मैं भी उनके साथ था। हम सब वहां बैठकर इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब पीएम के लिए नाम की घोषणा हुई तो यकीनन हम सभी को धक्का तो लगा ही था, लेकिन शीर्ष नेतृत्व ने उस समय जो फैसला किया था, हम सभी ने उसे स्वीकार किया।

सोनिया गांधी हमेशा से स्पष्ट बातें करती थीं

कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने सोनिया गांधी की किताब का जिक्र करते हुए कहा कि मैडम का जो अनुभव है। उन्होंने बेबाक ढंग से यह बात कही है। उन्हें जो महसूस हुआ है, वह उन्होंने कहा है। सोनिया गांधी हमेशा स्पष्ट बातें रखती हैं। पीएम पद के ठुकराने वाली बात पर कुमारी सैलजा ने समर्थन करते हुए कहा कि बिल्कुल, ऐसा हुआ था। वह बहुत ही भावनात्मक समय था। सभी भावुक थे, क्योंकि सोनिया गांधी ने मेहनत की थी और काम किया था। मेरा सौभाग्य था कि कुछ समय तक मैं उनके साथ रही और मैंने देखा कि किस तरह उन्होंने अपना सब कुछ दिया।

सैलजा कुमारी ने आगे कहा कि मैडम ने मेहनत की ताकि कांग्रेस किसी तरह दोबारा सत्ता में वापस आए। उस समय देश में एक अलग माहौल बनना शुरू हो गया था। सोनिया गांधी अपना योगदान दे रही थीं, हम सभी और पूरे देश को उनसे उम्मीद थी, क्योंकि उन्होंने नेतृत्व किया था और सभी चाहते थे कि प्रधानमंत्री वही बनें। इसलिए सभी की भावनाएं जुड़ी हुई थीं लेकिन उन्होंने जो फैसला किया, उससे सभी को झटका भी लगा। इसके बाद उन्होंने सभी को समझाया।

किताब के बारे में उन्होंने कहा कि इस किताब को लेकर पूरी दुनिया में रुचि थी। उनके बारे में बहुत कुछ लिखा गया है और लोगों ने अपने-अपने नजरिए से लिखा है। आज हम भी जो बात कर रहे हैं, वह अपने नजरिए से कर रहे हैं। सबकी इच्छा थी कि वह भी अपनी बात कहें। शायद मैडम ने भी यह महसूस किया और अपनी बात रखी। उन्होंने जो देखा, जो महसूस किया और जिन अनुभवों से वह गुजरी हैं, उन्हीं बातों को इस किताब में लिखा है।

हर भारतीय को सोनिया गांधी का संस्मरण पढ़ना चाहिए: अश्वनी कुमार

पूर्व केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अश्वनी कुमार ने कहा कि हर भारतीय को सोनिया गांधी का संस्मरण पढ़ना चाहिए। वह एक ऐसी महिला नेता है, जो काफी चर्चा का विषय रही है और उनके बारे में बहुत सी गलत जानकारियां भी फैलाई गई हैं। आज उन्होंने अपने दिल की गहराइयों से अपनी बात रखी है और लोगों के साथ अपने जीवन की कहानी साझा की है।

कांग्रेस नेता प्रेम चंद्र मिश्रा ने कहा कि सोनिया गांधी जी ने अपने व्यक्तित्व से कई बार राजनीति को प्रभावित किया है। विशेष रूप से भारतीय राजनीति और कांग्रेस की राजनीति को उन्होंने न केवल अपने व्यक्तित्व के दम पर आगे बढ़ाने का काम किया है, बल्कि जब कांग्रेस पार्टी संकट से गुजर रही थी और देश में कई तरह की गंभीर समस्याएं खड़ी हो रही थीं, तब भी उन्होंने एक अहम भूमिका निभाई।

सोनिया गांधी ने देश की परंपराओं और संस्कृति को सीखा और अभिन्न हिस्सा बन गईं: बघेल

कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि सोनिया गांधी केवल राजीव गांधी की पत्नी नहीं थीं, वह इस परिवार में एक बहू के रूप में आईं और न केवल इस देश की परंपराओं और संस्कृति को सीखा, बल्कि उनका एक अभिन्न हिस्सा भी बन गईं। उन्होंने न केवल कांग्रेस पार्टी की कमान संभाली, बल्कि यूपीए अध्यक्ष के रूप में देश की सेवा भी की। उन्होंने प्रधानमंत्री का पद न केवल एक बार, बल्कि दो बार त्यागने का बलिदान दिया।

Updated on:
10 Nov 2026, 7:03 PM IST
Published on: