राष्ट्रीय

सुखबीर बादल पर हमले मामले में आया बड़ा अपडेट, 90 मिनट चली सर्जरी; डॉक्टरों ने बताया अब कैसी है हालत

शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड के गुरुद्वारे में कृपाण से हमला, हाथ में लगी चोट, 90 मिनट चली सर्जरी, अब हालत स्थिर।
2 min read
Aug 14, 2026
Sukhbir Badal Nanded attack
पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर हुआ हमला (Photo-IANS)

शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड स्थित एक गुरुद्वारे में कृपाण से हमला किया गया। हमले में पूर्व डिप्टी सीएम के हाथ में चोट लगी। इसके बाद उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। दरअसल, बादल की करीब 90 मिनट तक सर्जरी चली। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं।

डॉक्टरों ने क्या कहा? 

डॉक्टरों ने बताया कि बादल के हाथ में तेज धार वाले हथियार से गहरा घाव हुआ था। हमले में उनकी टेंडन को चोट पहुंची थी, जिसकी सर्जरी के दौरान मरम्मत की गई। प्लास्टिक सर्जन ने उनकी अल्नर आर्टरी और नस की भी मरम्मत की।

शुक्रवार को मिल सकती है छुट्टी

वहीं अधिकारियों ने बताया कि पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल को हमले के बाद नांदेड के यशोसाई अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार को उनका ऑपरेशन किया गया। उन्हें शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने की संभावना है। इसके बाद उन्हें दोपहर में विमान से पंजाब ले जाया जा सकता है।

गुरुद्वारे में हुआ हमला

मामले में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि नांदेड शहर के बाहरी इलाके में स्थित गुरुद्वारा माता साहिब देवन जी मुगत में गुरुवार को बादल पर हमला किया गया। आरोपी की पहचान 60 से 62 वर्ष के जसपाल सिंह के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह पिछले करीब दो वर्षों से गुरुद्वारे में सेवादार के रूप में काम कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, जसपाल सिंह पुणे में अपने परिवार के साथ रहता है और उसके पास कॉमर्स तथा कानून की डिग्री है। घटना के समय वह नांदेड में अकेला रह रहा था। पुलिस अभी हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या के प्रयास, खतरनाक हथियार से जानबूझकर चोट पहुंचाने और सरकारी कर्मचारी को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया है।

AAP विधायक ने क्या कहा? 

पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबिर सिंह बादल पर हुए हमले पर आम आदमी पार्टी की तरफ से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। आप सांसद मलविंदर सिंह कांग ने कहा कि गुरुद्वारा परिसर में ऐसा हमला करना, भले ही वह दुश्मन पर हो, बहुत दुख की बात है। जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए जांच होनी चाहिए। हमारे राजनीतिक मतभेदों के बावजूद, हम ऐसे हमलों की निंदा करते हैं और मैं उनके जल्दी ठीक होने और अच्छी सेहत की उम्मीद करता हूं।

Updated on:
14 Aug 2026 01:23 pm
Published on:
14 Aug 2026 01:23 pm