सीपीआई नेता वीरपांडियन ने कहा है कि विजय ने प्रगतिशील सरकार बनाने के लिए समर्थन मांगने हेतु भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी को पत्र लिखा है।
Tamil Nadu Governor Statement TVK: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव परिणाम चार मई को जारी होने के बाद तस्वीर साफ नहीं हो पा रही है कि कौनसी पार्टी सरकार बनाने जा रही है। तमिलनाडु में किसी सी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है। हालांकि थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कज़गम (टीवीके) को सबसे ज्यादा सीटे में मिली है। टीवीके प्रमुख विजय राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मिल चुके है, लेकिन अभी तक बहुमत साबित नहीं पाए है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने गुरुवार को कहा कि तमिलगा वेट्ट्री कजगम (टीवीके) के पास राज्य विधानसभा में सरकार बनाने के लिए आवश्यक बहुमत का समर्थन नहीं है।
लोक भवन तमिलनाडु की आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने तमिलगा वेट्ट्री कड़गम अध्यक्ष थिरु सी. जोसेफ विजय को आज (7.5.2026) लोक भवन, चेन्नई में आमंत्रित किया है। बैठक के दौरान राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि तमिलनाडु विधानसभा में सरकार बनाने के लिए आवश्यक बहुमत का समर्थन अभी तक साबित नहीं हुआ है। टीवीके ने कांग्रेस विधायकों के समर्थन से सरकार बनाने का दावा पेश किया है। हालांकि, 234 सदस्यीय विधानसभा में गठबंधन को बहुमत का आंकड़ा पार नहीं हो पाया है।
इस बीच, सीपीआई नेता वीरपांडियन ने गुरुवार को कहा है कि विजय ने प्रगतिशील सरकार बनाने के लिए समर्थन मांगने हेतु भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी को पत्र लिखा है। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले पर चर्चा करने और समर्थन देने के संबंध में अंतिम निर्णय लेने के लिए शुक्रवार को राज्य कार्यकारी समिति की आपातकालीन बैठक बुलाई गई है। उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि एमके स्टालिन के साथ बैठक केवल एक सौहार्दपूर्ण मुलाकात थी, वह तमिलनाडु में हमारे गठबंधन के प्रमुख हैं।
इससे पहले, विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने गुरुवार को राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात कर तमिलागा वेट्री कषगम प्रमुख विजय को सरकार बनाने और सदन में अपना बहुमत साबित करने के लिए आमंत्रित किया। क्षेत्रीय मीडिया से बात करते हुए वीसीके प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य की राजनीति में हस्तक्षेप कर रही है और भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है। थिरुमावलवन ने यह भी कहा कि विजय से समर्थन मांगने वाला पत्र मिलने के बाद उनकी पार्टी जल्द ही अपना रुख स्पष्ट करेगी।