
Defamation Notice Issued to Bhagwant Mann(AI Image-ChatGpt)
Defamation Notice Issued to Bhagwant Mann: पंजाब में हाल ही में हुए धमाकों को लेकर सियासत तेज हो गई है। एक तरफ राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष के निशाने पर है, तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री भगवंत मान(Bhagwant Mann) के बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। अब बीजेपी नेता तरुण चुघ ने मुख्यमंत्री को मानहानि का नोटिस भेजा है। साथ ही सीएम भगवंत मान से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की मांग की है।
दरअसल, अमृतसर और जालंधर में हुए धमाकों के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि जिन राज्यों में बीजेपी चुनाव लड़ना चाहती है, वहां पहले माहौल खराब करने की कोशिश होती है। मान ने आरोप लगाया कि छोटे-छोटे धमाके कराकर लोगों को धर्म और जाति के आधार पर बांटने की राजनीति की जाती है। उनके इस बयान के बाद बीजेपी ने कड़ा विरोध जताया था।
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने गुरुवार को अपने वकील के जरिए मुख्यमंत्री को कानूनी नोटिस भेजा। नोटिस में कहा गया कि भगवंत मान ने बिना किसी सबूत के बीजेपी पर बेहद गंभीर और भड़काऊ आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है कि इस तरह के बयान से बीजेपी की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है और करोड़ों कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। नोटिस में मुख्यमंत्री से सात दिनों के भीतर अपने बयान वापस लेने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा, झूठी जानकारी फैलाने और अन्य कानूनी धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। बीजेपी ने अपने नोटिस में यह भी कहा कि पंजाब पुलिस और डीजीपी पहले ही संकेत दे चुके हैं कि इन घटनाओं के पीछे विदेशी ताकतों और कथित आईएसआई समर्थित नेटवर्क की भूमिका हो सकती है। ऐसे में बिना जांच पूरी हुए बीजेपी पर आरोप लगाना गैर-जिम्मेदाराना है।
बता दें कि बुधवार रात अमृतसर के खासा कैंट इलाके के पास संदिग्ध धमाके की आवाज सुनाई दी थी, जिसके बाद पुलिस और सेना की टीमें मौके पर पहुंचीं। बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक टीमों ने इलाके को घेरकर जांच शुरू की। इसी तरह जालंधर में भी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया। हालांकि इन घटनाओं में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
Published on:
07 May 2026 03:04 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
