
Tej Pratap Yadav on Bihar government: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने बिहार में NDA सरकार को लेकर एक बड़ा दावा किया है। सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर शेयर की गई एक पोस्ट में तेज प्रताप यादव ने बिहार की राजनीति को लेकर भविष्यवाणी करते हुए कहा है कि राज्य की मौजूदा सरकार बहुत जल्द गिर जाएगी। फिलहाल उत्तर प्रदेश के वृंदावन में मौजूद तेज प्रताप यादव ने दावा किया है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मौजूदा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को कड़ी फटकार लगाई है।
बता दें कि तेज प्रताप का यह बयान उस दिन आया, जब बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के 100 दिन पूरे होने पर राजधानी पटना स्थित लोक सेवक आवास में एनडीए की महत्वपूर्ण बैठक हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में एनडीए के सभी सहयोगी दलों के जिला अध्यक्षों, मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में बिहार सरकार के अब तक के कामकाज की समीक्षा की गई, साथ ही संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय, विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।
इस बैठक के बाद कई मंत्रियों ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है। एनडीए के सभी घटक दल मिलकर बिहार को विकसित और समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि 30 जुलाई को होने वाले बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार की सियासत पहले से गरमाई हुई है। यह सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। शुरुआत में भाजपा ने अभिषेक कुमार सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया था, लेकिन नामांकन दाखिल करने के अगले ही दिन उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने नीरज सिन्हा को मैदान में उतारा है।
वैसे भाजपा का गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव इस बार कई वजहों से सुर्खियों में है। चुनावी रणनीतिकार और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर खुद इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा उम्मीदवार बांकीपुर के लोगों के डर से भाग गया। हालांकि, भाजपा ने अब तक उनके बयान पर प्रतिक्रिया नहीं दी है।