
Rahul Gandhi (Photo credit: Rahul Gandhi x handle
AICVC Report: ऑल इंडिया कांग्रेस वॉलंटियर्स कमेटी (AICVC) ने पुणे में हुए राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस नेताओं पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस नेताओं ने कार्यक्रम के बारे में सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करने को लेकर सवाल उठाए हैं।
'ऑल इंडिया कांग्रेस वॉलंटियर्स कमेटी' (AICVC) भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) से जुड़ा एक डिजिटल वॉलंटियर और सोशल मीडिया एक्टिविस्ट समूह है, जिसे पार्टी और राहुल गांधी के अभियानों को ऑनलाइन समर्थन देने तथा सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए जाना जाता है।
बीते हफ्ते हुई CWC की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी के बड़े नेताओं पर कई मुद्दों पर एकजुटता नहीं दिखाने की शिकायत की थी। खरगे ने हल्द्वानी के "शुद्धिकरण" वाले मुद्दे पर कांग्रेस के ज्यादातर नेताओं पर इसे मुद्दा बनाने या इस मामले को सही ढंग से नहीं उठाने का भी आरोप लगाया था।
बताया जा रहा है कि पार्टी के कद्दावर नेताओं की सोशल मीडिया पर निष्क्रियता को लेकर राहुल गांधी ने अपने लोगों से पार्टी नेताओं के सोशल मीडिया पोस्ट पर नजर रखने के निर्देश दिए। हालांकि, राहुल गांधी पहले भी अक्सर अपनी पार्टी के नेताओं से सपोर्ट नहीं मिलने की बात कह चुके हैं।
कांग्रेस की डिजिटल आर्मी 'AICVC' कमेटी ने पार्टी के सीनियर और हाई-प्रोफाइल नेताओं की पोस्ट की संख्या के बारे में एक डिटेल्ड रिपोर्ट भी जारी की। इसमें शशि थरूर और कर्नाटक के सीएम डीके शिवकुमार जैसे कुछ बड़े नेताओं का प्रदर्शन नकारात्मक रहा। पार्टी ने इस बारे में संबंधित नेताओं को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व सीएम अशोक गहलोत, मणिकम टैगोर, श्रीनिवास, रेणुका चौधरी जैसे कुछ नेताओं की सोशल मीडिया पर पार्टी के कार्यक्रमों को लेकर सक्रियता रहती है।
देश की ज्यादातर राजनीतिक पार्टियों ने 'जेन ज़ी' (Gen Z) को लुभाने के लिए सोशल मीडिया पर आक्रामक रुख अपनाने का फैसला किया है। ऐसे में कांग्रेस भी पीछे नहीं रहना चाहती है। इसीलिए कांग्रेस ने अपनी सोशल मीडिया टीम को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा है। वहीं, पार्टी के शीर्ष नेताओं को भी आलाकमान केे निर्देशों की पालना करने की हिदायत दी गई है।
Updated on:
25 Aug 2026 07:49 pm
Published on:
25 Aug 2026 07:49 pm
