
(AI Image- ChatGpt)
India Weather Forecast: मॉनसून एक बार फिर अपना असर दिखाने को तैयार है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 25 से 31 अगस्त के बीच देश के कई हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वोत्तर और पश्चिमी तट के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण भूस्खलन और कुछ इलाकों में अचानक बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है।
IMD के मुताबिक, 25 से 31 अगस्त के बीच उत्तराखंड में व्यापक बारिश होने की संभावना है। 25-26 अगस्त और फिर 30-31 अगस्त को यहां कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 अगस्त और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25-27 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
पूर्वी राजस्थान में 25-26 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख क्षेत्र में भी 25 से 31 अगस्त के बीच कई जगहों पर बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में इस सप्ताह मानसून सक्रिय रहने वाला है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 25-26 अगस्त और पूर्वी मध्य प्रदेश में 25-29 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 25 से 31 अगस्त तक व्यापक बारिश का पूर्वानुमान है। 25 अगस्त को छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
IMD ने 26 अगस्त की सुबह तक कुछ इलाकों में कम से मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड रिस्क की चेतावनी दी है। इसमें मध्य प्रदेश के रीवा, सतना, छतरपुर, टीकमगढ़ और पन्ना जैसे जिले शामिल हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, रायबरेली और आसपास के कुछ जिले भी जोखिम वाले क्षेत्रों में हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के महोबा, झांसी, हमीरपुर, जालौन, औरैया, इटावा और मैनपुरी में भी जलभराव और सतही बहाव का खतरा बताया गया है।
पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश से राहत मिलने की संभावना कम है। अरुणाचल प्रदेश में 25-26 और 30-31 अगस्त को व्यापक बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 25 अगस्त और फिर 28-31 अगस्त के दौरान बारिश का अनुमान है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 25 से 31 अगस्त तक बारिश जारी रहने की संभावना है। इन राज्यों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। 29-30 अगस्त को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
पश्चिमी तट पर भी मानसून सक्रिय रहेगा। IMD के मुताबिक, 25 से 31 अगस्त तक कोंकण और गोवा में व्यापक बारिश की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र में 25-26 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। गुजरात क्षेत्र और सौराष्ट्र-कच्छ में भी 25 से 31 अगस्त के दौरान बारिश होने का अनुमान है।
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी बारिश और आंधी-तूफान का असर देखने को मिल सकता है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 25-26 अगस्त को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। केरल में 25 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है। तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में भी 25 अगस्त को भारी बारिश का अनुमान है।
Updated on:
25 Aug 2026 07:11 pm
Published on:
25 Aug 2026 07:09 pm
