राष्ट्रीय

अपनी ही गश्त की गाड़ी के नीचे आया सब-इंस्पेक्टर, मौके पर तोड़ा दम

तेलंगाना के संगारेड्डी में ASI गोविंद नायक की अपने ही पेट्रोलिंग वाहन से कुचलकर मौत हो गई। घटना को लेकर संदेह बढ़ने पर पुलिस ने बहुस्तरीय जांच शुरू की है।

2 min read
Apr 14, 2026
तेलंगाना में हादसा (प्रतीकात्मक तस्वीर)

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई हैष यहां एक पुलिसकर्मी की उसी के पेट्रोलिंग वाहन के नीचे आने से मौत हो गई। मृतक पुलिसकर्मी की पहचान सहायक उप निरीक्षक (ASI) गोविंद नायक के रूप में हुई है। शुरुआत में नायक की मौत को एक सामान्य सड़क दुर्घटना माना गया था, लेकिन जैसे-जैसे जानकारी सामने आई, मामले ने संदिग्ध रूप ले लिया।

ये भी पढ़ें

कजिन भाई-बहन के साथ अफेयर, लव मैरिज के 18 महीने बाद पत्नी ने दोनों के साथ मिलकर ली पति की जान

सोमवार देर रात नियमित पेट्रोलिंग के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात मनूर मंडल क्षेत्र में पुलिस टीम नियमित पेट्रोलिंग पर थी। इस दौरान ASI गोविंद नायक वाहन से उतरकर इलाके का निरीक्षण कर रहे थे। तभी वाहन चालक, जो एक होम गार्ड बताया जा रहा है, ने गाड़ी आगे बढ़ा दी और नायक उसके नीचे आ गए। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की प्रकृति ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि आमतौर पर प्रशिक्षित ड्राइवर से ऐसी चूक की उम्मीद कम होती है।

घटना की हर एंगल से जांच कर रही पुलिस

स्थानीय लोगों और मृतक के परिवार ने इस घटना को लेकर गंभीर शंकाएं जताई हैं। उनका कहना है कि पूरी घटना में कई ऐसी बातें हैं जो स्पष्ट नहीं हैं और सच्चाई सामने आनी चाहिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए तेलंगाना पुलिस ने जांच के आदेश दिए हैं। नारायणखेड़ के डीएसपी एम रमेश ने कहा, घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है। शुरुआती रिपोर्ट इसे दुर्घटना बताती है, लेकिन लापरवाही या अन्य किसी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।

तकनीकी टीम भी कर रही मामले की जांच

पुलिस ने तकनीकी टीमों को भी जांच में लगाया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं वाहन में कोई तकनीकी खराबी तो नहीं थी। साथ ही, उस समय ड्यूटी पर मौजूद सभी पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि पूरी घटनाक्रम की कड़ी जोड़ी जा सके। इसी के साथ वाहन को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है, जहां ब्रेकिंग सिस्टम और ड्राइवर की प्रतिक्रिया समय की जांच की जा रही है।

मृतक के परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की

मृतक ASI के परिवार ने इस घटना को लेकर विभागीय लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि एक अनुभवी पुलिस अधिकारी के साथ इस तरह की घटना होना कई सवाल खड़े करता है। परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की है और यह भी कहा है कि कहीं न कहीं सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। इस मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है, जो आपराधिक जांच के समानांतर चलेगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सके।

Updated on:
14 Apr 2026 02:57 pm
Published on:
14 Apr 2026 02:52 pm
Also Read
View All