राष्ट्रीय

Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में समीर गिरफ्तार, 35 हजार का सौदा और विदेश का सपना चकनाचूर

Tiger Shroff Attack News: सोनीपत का युवक समीर विदेश बैठा अनिल पंडित और रेहान के बीच पुल साबित हुआ। 35 हजार रुपये व विदेश बसने का ऑफर देकर युवाओं को फंसाया गया। पुलिस को मुंबई में और संपर्कों का भी शक।
2 min read
• •
Oct 20, 2026
Tiger Shroff Firing Case
Tiger Shroff Firing Case :टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: 24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार, विदेश में बैठे हैंडलर की तलाश जारी

Sameer Arrested in Tiger Shroff Case: बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमले की साजिश अब और गहराती जा रही है। हरियाणा पुलिस ने सोनीपत से एक अहम कड़ी समीर को गिरफ्तार कर लिया है। यही व्यक्ति विदेश में बैठे गैंगस्टर अनिल पंडित से मुख्य शूटर रेहान की बात कराकर हमले की नींव रखी थी। 35 हजार रुपये और विदेश में बसने के लालच ने युवाओं को इस खतरनाक रास्ते पर धकेल दिया। घटना के महज दो दिन बाद यह गिरफ्तारी पुलिस की तेजी को साबित करती है। साजिश का दायरा अब मुंबई से हरियाणा तक फैल चुका है।

नरसी पार्क के पास अभिनेता की कार पर हुई फायरिंग

आपको बता दें कि 18 अक्टूबर की शाम टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर कार से लौट रहे थे। नरसी पार्क के पास बाइक सवार तीन युवकों ने कई राउंड गोलियां दागीं। अभिनेता सुरक्षित रहे, लेकिन ड्राइवर और एक राहगीर घायल हो गए। अगले दिन राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जनरल कोच से रेहान, फूल सिंह और रितिक कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों नेपाल भागने की योजना बना रहे थे। मात्र 24 घंटे में यह कार्रवाई मुंबई, राजस्थान और हरियाणा पुलिस के समन्वय से हुई।

35 हजार रुपये और विदेश में नौकरी का लालच

पूछताछ में सामने आया कि करीब डेढ़ महीने पहले समीर ने रेहान को अनिल पंडित से जोड़ा। अनिल ने 35 हजार रुपये और विदेश में बसने-नौकरी का लालच दिया। रितिक को भी विदेश में अच्छी नौकरी का ऑफर मिला। तीनों करीब एक महीने मुंबई में रहे। अनिल पंडित जग्गी ऐप जैसे ऐप से बात करता था, जिसमें पहचान की जरूरत नहीं पड़ती। पैसा ऑनलाइन भेजकर दुकानों से कैश ले लिया जाता था। हथियार किसी ने नहीं दिए, इनके पास मैसेज आया था कि हथियार एक जगह कचरा पात्र के पास रखा है, जहां से उन्हें लेना है. पुलिस को शक है मुंबई में इनके संपर्क में कुछ लोग हैं।

रेहान पर पहले से दर्ज हैं आर्म्स एक्ट और चोरी के मामले

रेहान पर पहले आर्म्स एक्ट और चोरी के मामले दर्ज हैं। उसने और फूल सिंह ने अमृतसर के एक व्यापारी पर भी फायरिंग की कोशिश की थी, लेकिन पिस्टल जाम हो गई। अनिल पंडित पानीपत के रेर कलां गांव का रहने वाला है। 2023 में कनाडा होकर डंकी रूट से अमेरिका पहुंचा। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़कर वह हरियाणा में दर्जनों रंगदारी और धमकी के मामलों में वांछित है। गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग और सरपंच को धमकी जैसी घटनाओं में भी उसका नाम जुड़ा रहा।

10 दिन तक की रेकी, हैंडलर से लाइव संपर्क का शक

पुलिस को शक है कि मुंबई में आरोपियों के और संपर्क हैं। जांच में सिग्नल और टेलीग्राम ऐप का इस्तेमाल, 10 दिन की रेकी और हमले के दौरान हैंडलर से लाइव संपर्क जैसे तथ्य उभर रहे हैं। तीनों आरोपी जल्द मुंबई लाए जाएंगे। अनिल पंडित पर रेड कॉर्नर नोटिस है और हरियाणा एसटीएफ ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।

Updated on:
20 Oct 2026 08:00 am
Published on:
20 Oct 2026 07:26 am