
Attack on Tiger Shroff:टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद महाराष्ट्र की फडणवीस सरकार विपक्षी नेताओं के निशाने पर है। घटना के बाद कई नेताओं ने सरकार को आड़े हाथों लिया है। कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा कि बाबा सिद्दीकी को मार दिया। सलमान खान को कहते हैं कि माफी मांगनी चाहिए। कानून किसका चलता है? कानून सरकार का चलता है या किसी गैंग का चलता है? ये कौन सा गैंग है? इसे पूरी तरह नेस्तनाबूद क्यों नहीं किया जाता। कानून व्यवस्था नहीं है।
कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना पर कहा कि वहां जिस तरह से अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है, यह वहां की सरकार के लिए निश्चित रूप से एक चुनौती है। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, फिल्म जगत के और लोगों को भी टार्गेट किया गया है। इसकी समीक्षा करके सरकार को आरोपियों को दंडित करना चाहिए ताकि फिर से इस तरह का अपराध ना हो।
RJD सांसद मनोज झा ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना पर कि किसी ने इस गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है। इससे साफ पता चलता है कि कानून का राज कहीं भी नहीं है। जिनकी निगरानी में यह सब हो रहा है, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। लोग खौफ में हैं।
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय शिरसाट ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना पर कहा कि कल जो घटना घटी है, उसको सरकार ने गंभीरता से लिया है। हमलावरों को गिरफ्तार करके उनपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिल्मी दुनिया के लोगों को टार्गेट किया जा रहा है। सरकार इन सबको उखाड़ फेंकने का काम करेगी।
भाजपा नेता अजय आलोक ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना पर कहा कि महाराष्ट्र में इस तरह से दिन दहाड़े गोलीबारी करके सरकार को एक तरह से चुनौती देने का काम किया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बहुत स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की 15 टीमें लगी हुई हैं और 2-3 गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं। सरकार ने इसे चुनौती की तरह लिया है।