Heat Action Plan India: महाराष्ट्र के गोंदिया में भीषण गर्मी से राहत देने के लिए दोपहर 12:30 से 4 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल बंद किए जा रहे हैं।
Traffic Signals Off: महाराष्ट्र में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच गोंदिया जिला प्रशासन ने एक अनोखा और राहतभरा कदम उठाया है। तेज धूप और लू से लोगों को बचाने के लिए शहर के प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों को दोपहर के सबसे गर्म समय में बंद किया जा रहा है।
गोंदिया शहर में रोजाना दोपहर 12:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक मैन ट्रैफिक सिग्नल बंद रहेंगे। इसका मकसद साफ है लोगों को चिलचिलाती धूप में सिग्नल पर खड़े होकर इंतजार न करना पड़े। विदर्भ क्षेत्र में तापमान लगातार 42°C के पार जा रहा है, जबकि महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में पारा 45°C तक पहुंच चुका है। ऐसे में सड़कों पर खड़े रहना खतरनाक साबित हो रहा है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, ट्रैफिक जंक्शनों पर कंक्रीट की सड़कों से निकलने वाली गर्मी और ऊपर से तेज धूप मिलकर हालात और गंभीर बना देती है। इससे खासकर दोपहिया चालकों, डिलीवरी बॉय और पैदल चलने वालों को चक्कर आना, डिहाइड्रेशन और लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। इसी खतरे को कम करने के लिए यह फैसला लिया गया है।
गोंदिया अकेला शहर नहीं है जहां ऐसा कदम उठाया गया है। गढ़चिरौली जिले में भी दोपहर के समय सिग्नल बंद किए जा रहे हैं। गुजरात के सूरत शहर में भी इसी तरह का प्रयोग किया जा रहा है इन सभी जगहों पर मकसद एक ही है लोगों को भीषण गर्मी से राहत देना।
सिग्नल बंद रहने के दौरान ट्रैफिक पूरी तरह से बिना नियंत्रण के नहीं छोड़ा गया है। चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है, जो छायादार स्थानों पर रहकर जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक को नियंत्रित करती है। इससे सुरक्षा और व्यवस्था दोनों बनाए रखी जा रही है।
इस फैसले को आम लोगों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। खासकर डिलीवरी पार्टनर्स और दिहाड़ी मजदूरों ने इसे बड़ी राहत बताया है। उनका कहना है कि तेज गर्मी में कुछ मिनट भी सिग्नल पर खड़े रहना बेहद मुश्किल होता है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही महाराष्ट्र, राजस्थान और ओडिशा समेत कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण अब गर्मी जल्दी शुरू हो रही है और ज्यादा समय तक बनी रहती है। हीटवेव की घटनाएं भी पहले के मुकाबले अधिक हो गई हैं।
गोंदिया का यह कदम ‘हीट एक्शन प्लान’ का हिस्सा है। इसके अलावा कई शहरों में स्कूलों के समय में बदलाव किया जा रहा है, सार्वजनिक स्थानों पर पानी के स्टॉल लगाए जा रहे हैं। लोगों को धूप से बचने की सलाह दी जा रही है