राष्ट्रीय

त्रिची-चेन्नई हाईवे पर हादसा, प्राइवेट बस से टकराई कार, 3 दोस्तों की मौत, 4 गंभीर घायल

Perambalur Accident: त्रिची-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-38) पर कार और प्राइवेट बस की जबरदस्त भिड़ंत में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिलाओं समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पढ़ें पूरी खबर...
2 min read
Sep 24, 2026
Tamil Nadu Road Accident
पेरम्बलूर के थुरैमंगलम में कार-ओम्निबस की जोरदार टक्कर (फोटो सोर्स- ANI)

Perambalur Road Accident: त्रिची-चेन्नई नेशनल हाईवे (NH-38) पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पेरम्बलूर जिले के थुरैमंगलम के पास रफ्तार से जा रही एक कार आगे चल रही प्राइवेट ओम्निबस के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में तीन लोगों की मौके और इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी लोग अपने दोस्त के भाई की शादी का जश्न मनाकर चेन्नई लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।

भाई की शादी में शामिल होकर लौट रहे थे चेन्नई

पुलिस ने बताया कि रामनाथपुरम जिले के मुदुकुलाथुर स्थित ओरिवयाल गांव के रहने वाले कार्ति (38) चेन्नई में नौकरी करते थे। वे अपने भाई की शादी में हिस्सा लेने के लिए पत्नी सूर्या और गांव के दोस्तों के साथ अपने गृहनगर गए थे। शादी समारोह खत्म होने के बाद कार्ति, उनकी पत्नी और दोस्त कार में सवार होकर वापस चेन्नई के लिए निकले थे।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

जैसे ही उनकी तेज रफ्तार कार थुरैमंगलम के पास त्रिची-चेन्नई हाईवे पर पहुंची, तभी अचानक नियंत्रण खो जाने के कारण कार आगे चल रही प्राइवेट ओम्निबस से जा टकराई। हादसे की सूचना मिलते ही पेरम्बलूर टाउन पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर पेरम्बलूर सरकारी अस्पताल भिजवाया।

3 दोस्तों की मौत, 4 लोग अस्पताल में भर्ती

हादसा इतना खौफनाक था कि कार सवार ओरिवयाल निवासी काजा उर्फ कालीश्वरन और रसिकुलम निवासी प्रभाकरण की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल कार्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही कार में सवार अन्य घायल लोग कार्ति की पत्नी सूर्या, कार चालक कन्नदासन, जॉन कैनेडी और सारण्या का पेरम्बलूर सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूर्या की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए तिरुचिरापल्ली के बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया है।

बस ड्राइवर से पूछताछ, पुलिस जांच जारी

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पेरम्बलूर टाउन पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और दुर्घटनाग्रस्त ओम्निबस के चालक (तूतीकोरिन निवासी राजसीलन) से पूछताछ कर हादसे के कारणों का पता लगा रही है।

Updated on:
24 Sept 2026 09:21 am
Published on:
24 Sept 2026 08:50 am