iPhone lure rape case: त्रिपुरा में एक सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर को महिला से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर iPhone गिफ्ट का लालच देकर महिला को होटल ले जाने, दुष्कर्म करने, मारपीट और धमकी देने का आरोप है।
Tripura Rape Case: त्रिपुरा में एक सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर को महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महिला को महंगा iPhone गिफ्ट करने का लालच देकर अपने जाल में फंसाया था। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर मारपीट भी की। साथ ही आरोपी ने महिला को धमकी भी दी है।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए अमतली पुलिस स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक पारितोष दास ने कहा कि आरोपी को शनिवार देर रात भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1) और 351(2) के तहत गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी धलाई जिले के कमलपुर इलाके का रहने वाला है और कुछ महीने पहले उसकी पहचान पीड़िता से फेसबुक के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत बढ़ने लगी।
घटना के बाद पीड़िता ने थाने में आरोपी व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक आरोपी ने उसे अगरतला आने के लिए कहा और महंगा iPhone गिफ्ट देने का वादा किया। महिला शनिवार सुबह दवाइयां खरीदने के लिए ट्रेन से अगरतला पहुंची थी।
इसके बाद बधारघाट रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद आरोपी बाइक से वहां पहुंचा और तय जगह पर ले जाने की बजाय स्टेशन के पास एक होटल में ले गया।
पीड़िता का आरोप है कि होटल के कमरे में आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि होटल से निकलते समय आरोपी उसका मोबाइल फोन लेकर चला गया और बाद में गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पीड़िता ने कहा कि किसी तरह होटल से निकलने के बाद पीड़िता ने पश्चिम अगरतला महिला पुलिस थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की और शनिवार रात को अगरतला के लक्ष्मीनारायण बाड़ी इलाके में स्थित आरोपी की मोबाइल दुकान पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अगरतला में दो मोबाइल फोन दुकानों का मालिक है। उसकी दुकानें सिद्धि आश्रम और लक्ष्मीनारायण बाड़ी इलाके में हैं। वह स्थानीय स्तर पर सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर के तौर पर भी जाना जाता है। बताया जा रहा है कि आरोपी शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। पुलिस का यह भी कहना है कि थाने लाने के बाद आरोपी ने अपने रसूख और संपर्कों का हवाला देकर पुलिस अधिकारियों को डराने की कोशिश की।