केरल के कोल्लम जिले के SAI हॉस्टल में दो किशोर खिलाड़ियों की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। दोनों खिलाड़ी एक ही कमरे में मृत मिले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
खेल जगत से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। केरल के कोल्लम जिले में स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के एक हॉस्टल में गुरुवार को दो किशोर खिलाड़ियों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतकों की उम्र 17 और 15 वर्ष बताई गई है। इनमें से एक खिलाड़ी कोझिकोड जिले की रहने वाली थी, जबकि दूसरी तिरुवनंतपुरम जिले से थी। दोनों खिलाड़ी नियमित प्रशिक्षण के लिए हॉस्टल में रह रही थीं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक खिलाड़ियों की पहचान 17 वर्षीय सैंड्रा और 15 वर्षीय वैष्णवी के रूप में हुई है। सैंड्रा कोझिकोड जिले की रहने वाली थी और एथलेटिक्स की ट्रेनिंग ले रही थी, जबकि वैष्णवी कबड्डी की खिलाड़ी थी और तिरुवनंतपुरम जिले से ताल्लुक रखती थी। दोनों नाबालिग खिलाड़ी नियमित प्रशिक्षण के लिए SAI हॉस्टल में रह रही थीं। बताया गया है कि वैष्णवी को आधिकारिक रूप से अलग कमरा आवंटित था, लेकिन वह घटना वाली रात सैंड्रा के कमरे में रुकी हुई थी।
जानकारी के अनुसार यह मामला गुरुवार सुबह सामने आया, जब SAI हॉस्टल में रहने वाली दोनों किशोर खिलाड़ी अपनी रोजाना की मॉर्निंग ट्रेनिंग के लिए नहीं पहुंचीं। साथ रहने वाली अन्य खिलाड़ियों और स्टाफ ने जब उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा खोला गया, जहां दोनों खिलाड़ी कमरे के अंदर मृत अवस्था में पाई गईं। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला है कि घटना से कुछ घंटे पहले दोनों खिलाड़ियों को हॉस्टल परिसर में देखा गया था। शुरुआती जांच में किसी तरह का सुसाइड नोट कमरे से बरामद नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फॉरेंसिक टीम ने कमरे से जरूरी सैंपल इकट्ठा किए हैं और हॉस्टल के अन्य खिलाड़ियों, कोच और स्टाफ के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों खिलाड़ी किसी मानसिक दबाव में थीं या नहीं।