राष्ट्रीय

Weather Update: पंजाब और दिल्ली के बाद अब गुजरात पर मंडरा रहा बाढ़ का खतरा, राज्य की कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर

गुजरात राज्य में भारी बारिश के चलते कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिसके चलते बाढ़ का खतरा पैदा हो रहा है। इसमें सूरत की किम नदी और वडोदरा की नर्मदा नदी जैसी नदियां शामिल है।

2 min read
Sep 05, 2025
गुजरात में नदियों के बढ़ते स्तर से बाढ़ का खतरा (फोटो-आईएएनएस)

देश के कई राज्यों में इस समय बारिश के चलते भारी तबाही मची हुई है। पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और दिल्ली जैसे कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश के चलते बाढ़ आ गई है। इस बाढ़ ने इन राज्यों की करोड़ों की संपत्ती को नष्ट कर दिया है और लाखों परिवारों को बर्बाद कर दिया है। लेकिन इसके बाद भी आसमान से बरसती आफत रुकने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विभाग लगातार हर दिन देश के अलग अलग इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर रहा है और लगभर हर रोज उम्मीद से ज्यादा बारिश बरस रही है। इसी बीच अब गुजरात राज्य में भी तेज बारिश के चलते बाढ़ के हालात पैदा हो गए है। राज्य के कई इलाकों में पिछले कई दिनों में भारी बारिश दर्ज की है जिससे कई नदियां खतरे के निशान को पार कर गई है।

किम नदी के जलस्तर ने खतरे का निशान पार किया

राज्य के सूरत जिले में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश दर्ज की गई है। यहां के उमरपाड़ा तालुका में 8.5 इंच और मंगरोल तालुका में 4 इंच रिकॉर्ड बारिश हुई है। लगातार हो रही इस बारिश के चलते राज्य की किम नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है, जिससे आस पास के इलाकों में नदी का पानी पहुंचने लगा है। मंगरोल के मोटा बोरसारा गांव के पादर तक भी किम नदी का पानी पहुंच गया है जिससे चलते इस गांव का आसपास के गांवों से संपर्क टूट गया है। इस के चलते स्थानीय लोगों को बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

नर्मदा का भी बढ़ा जलस्तर

सूरत के साथ साथ, वडोदरा जिले में भी बारिश ने परेशानियों को बढ़ा दिया है। लगातार बारिश के चलते नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा जिसके चलते चाणोद में नर्मदा पर बने सरदार सरोवर बांध से 4.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ना पड़ा, जिसने नदी के निचले इलाकों में बाढ़ के खतरे को बढ़ा दिया है। बारिश से जलभराव बढ़ गया है जिसके कारण चाणोद में मल्हार राव घाट की 92 सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। हालांकि, नर्मदा नदी का जलस्तर अभी खतरे के निशान तक नहीं पहुंचा है, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

राज्य के अन्य इलाकों में भी बारिश का कहर

राज्य के अन्य कई हिस्सों में भी बारिश के चलते आम जन जीवन प्रभावित हो रहा है। साउथ गुजरात के अधिकांश हिस्सों में बीती रात से भारी बारिश का दौर जारी है। वडोदरा जिले के डभोई में भी रात 12 बजे से सुबह 7 बजे तक 5 इंच बारिश दर्ज की गई है। भारी बारिश के कारण स्थानीय लोगों को जलजमाव और यातायात के साथ साथ अन्य कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए है। राज्य की सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा के सभी इंतजाम मजबूत किए जा रहे है।

Published on:
05 Sept 2025 03:39 pm
Also Read
View All

अगली खबर